- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अकोट
- /
- तीन आरोपियों की जमानत याचिका खारिज
तीन आरोपियों की जमानत याचिका खारिज

डिजिटल डेस्क, अकोट। विगत 2 फरवरी को नरसीपुर पंचगव्हाण फाटे के समीप स्कार्पिओ वाहन क्रमांक एमएच–43–776 से उतरे तीन लोगों ने दूसरी चार पहिया क्रेटा क्रमांक एमएच–03–सीएस–2743 से उतरे एक व्यक्ति ने 500 रूपए की नोट दिखाकर खुले पैसे मांगे थे। उस 500 की नोट पर भारतीय रिजर्व बैंक की जगह बच्चों का बैंक मुद्रित था। लिहाजा उन लोगों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की गई थी। इस मामले में तीन आरोपी पकड़े गए थे। जबकि एक फरार हो गया था। तीनों आरोपियों की ओर से दाखिल की गई जमानत अर्जी न्यायालय ने नामंजूर कर दी है। फिलहाल तीनों आरोपी अकोला के जिला कारागार में बंद है।
ऐसे हुई कार्रवाई {इस घटना की जानकारी इस तरह है कि सहायक पुलिस निरीक्षक ज्ञानोबा फड को गुप्त जानकारी मिली थी कि पंचगव्हाण फाटे के समीप चार युवक दो चार पहिया वाहन में आए हैं तथा बच्चों के खेलने की नकली नोट देकर लोगों से खुदरा मांग रहे हैं। यह जानकारी मिलते ही उन्होंने गश्त पर निकले पुलिस उपनिरीक्षक गणेश कायंदे को घटना स्थल पर भेजा। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस को ज्ञात हुआ कि नागरिकों ने चार युवक को दबोच रखा था। आरोपियों के वाहन की जांच के दौरान एक आरोपी चकमा देकर फरार हो गया था। कार्रवाई में पुलिस ने वाशिम जिले के मानोरा तहसील के ग्राम चिस्ताला निवासी 27 वर्षीय अमित आत्माराम कटारे, चिस्ताला निवासी 22 वर्षीय अमोल गोविंद कटारे, यवतमाल के ग्राम हिवरदरी निवासी 22 वर्षीय वैभव चंदू दयाल को गिरफ्तार किया था। जबकि बुलढाणा जिले के खामगांव तहसील निवासी विजय ठाकुर फरार हो गया था। कार्रवाई में पुलिस को भारतीय बच्चों की बैंक के 4 बंडल जिसमें 4 हजार 792 के नकली नोट तथा 54 हजार रूपए के असली 500 के नोट , दो वाहनों समेत 22 लाख 54 हजार रूपए का माल जब्त किया था। न्यायालय ने आरोपियों की इस करतूत को देश की वित्त व्यवस्था को खतरा बताते हुए उनकी जमानत याचिका खारिज की। सरकार की ओर से एड. अजित देशमुख जबकि आरोपी की ओर से औरंगाबाद के अधिवक्ता एड.मनवर ने पैरवी की।
ऐसे घटी घटना
तेल्हारा पुलिस थाने का दल को गुप्त सूचना मिली कि, चार युवक नकली नोट देकर लोगों से खुदरा मांग रहे हैं। इस जानकारी के आधार पर दल ने पंचगव्हाण फाटे समीप छापामार कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में कामयाब हो गया था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से नकली तथा असली नोट व चारपहिया वाहन समेत 22 लाख 54 हजार रूपए का माल जब्त किया। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने पर न्यायाधीश ने उन्हें 5 फरवरी तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए थे। इसी बीच आरोपियों ने जमानत के लिए दाखिल की याचिका न्यायालय ने खारिज कर दी है।
Created On :   21 Feb 2022 7:56 PM IST