अकोला: दामिनी दल की रहेगी नजर, गणेशोत्सव के दौरान जिले में कड़ा पुलिस बंदोबस्त

दामिनी दल की रहेगी नजर, गणेशोत्सव के दौरान जिले में कड़ा पुलिस बंदोबस्त
  • 1,698 गणेश मंडलों में बप्पा की स्थापना
  • भीड़ भरे पंडालों पर सीसीटीवी कैमरे

डिजिटल डेस्क, अकोला. शनिवार 7 सितंबर से गणेशोत्सव आरम्भ हो गया है। इस दौरान जिले में शांति, कानून व सुरक्षा व्यवस्था रखने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक बच्चन सिंह ने जिम्मा संभाला है। हाल ही में जिले में कांवड़ उत्सव व पालकी शोभा यात्रा समारोह हुआ, जो शांति व सद्भाव से संपन्न हुआ। पुलिस विभाग के शांति रखने व कानून के दायरे में समारोह मनाने के आवाहन पर शिवभक्त व श्रध्दालुओं की ओर से प्रतिसाद मिला। पुलिस व नागरिकों में इस दौरान अच्छा समन्वय रहा। आरम्भ हो चुके गणेशोत्सव के दौरान 1,698 गणेश मंडलों में श्री गणेशजी की स्थापना की जा रही है, ऐसा अनुमान है। संपूर्ण उत्सव के दौरान जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिक पुलिस बल तैनात किया गया है।

यह है नियोजन

गणेशोत्सव के दौरान बंदोबस्त के लिए एसआरपी की एक कंपनी, एक प्लाटून व 800 होमगार्ड तैनात किए गए हैं। महाराष्ट्र पुलिस अकादमी नाशिक से एक पुलिस उपअधीक्षक व 10 पुलिस उपनिरीक्षकों को बुलाया गया है। गणेशोत्सव के दौरान श्रध्दालु अपने वाहनों के साथ गणेश दर्शन के लिए शहर में निकलते हैं, लिहाजा यातायात नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस इस दौरान जहां जरुरत हो, ऐसे स्थानों पर यातायात को दूसरी ओर मोड़ सकती है। नागरिक इसे संज्ञान में ले, ऐसी अपील पुलिस विभाग की ओर से की गई है।

भीड़ भरे पंडालों पर सीसीटीवी कैमरे

गणेशोत्सव के दौरान कई गणेश मंडलों के पंडाल में महिला व पुरुषों की भीड़ इकट्ठी होती है। ऐसे माहौल में महिलाओं के साथ छेड़खानी की वारदातों को टालने के लिए ऐसे पंडालों पर कड़ी नजर रखने के लिए महिला पुलिस का दामिनी दल तैनात होगा, यह सभी पंडालों पर नजर रखेगा। जिले में 673 गणेश मंडलों के पंडालों को क्यूआर कोड लगाया गया है। पुलिस यहां नियमित पेट्रोलिंग कर बंदोबस्त कड़ा रखेगी। भीड भरी जगहों पर कवरेज के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस की हर कदम पर उत्सव के दौरान कड़ी नजर रहेगी। पुलिस विभाग ने आवाहन किया है कि गणेशोत्सव शांति पूर्ण तरीके से संपन्न कराने में पुलिस विभाग को सहयोग करें।

Created On :   7 Sept 2024 4:53 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story