कच्चा तेल हुआ सस्ता, जानें पेट्रोल- डीजल के रेट पर क्या हुआ असर?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार चढ़ाव के बीच भारतीय तेल विपणन कंपनियों (इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम) ने पेट्रोल- डीजल (Petrol-Diesel) ताजा रेट जारी कर दिए हैं। जिसके अनुसार, वाहन ईंधन के भाव आज (21 अप्रैल 2023, शुक्रवार) भी ज्यों का त्यों बना हुआ है। यानी कि बीते करीब 9 माह से जारी रेट पर पेट्रोल और डीजल उपलब्ध होगा।
हालांकि, बात करें कच्चे तेल की तो पिछले 24 घंटे में ब्रेंट क्रूड 2 डॉलर और सस्ता हुआ है। दो दिनों के भीतर इसकी कीमतों में 4 डॉलर प्रति बैरल की नरमी आ चुकी है। आपको बता दें कि, आखिरी बार 22 मई 2022 को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संशोधन किया गया था, जब वित्त केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में क्रमशः 8 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 6 रुपए प्रति लीटर की कटौती की थी।
महानगरों में पेट्रोल-डीजल की कीमत
इंडियन ऑयल (Indian Oil) की वेबसाइट के अनुसार आज देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं बात करें डीजल की तो दिल्ली में कीमत 89.62 रुपए प्रति लीटर है। आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल 106.35 रुपए प्रति लीटर है, तो एक लीटर डीजल 94.27 रुपए में उपलब्ध होगा।
इसी तरह कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल के लिए 106.03 रुपए चुकाना होंगे जबकि यहां डीजल 92.76 प्रति लीटर है। चैन्नई में भी आपको एक लीटर पेट्रोल के लिए 102.63 रुपए चुकाना होंगे, वहीं यहां डीजल की कीमत 94.24 रुपए प्रति लीटर है।
ऐसे जानें अपने शहर में ईंधन की कीमत
पेट्रोल-डीजल की रोज की कीमतों की जानकारी आप SMS के जरिए भी जान सकते हैं। इसके लिए इंडियन ऑयल के उपभोक्ता को RSP लिखकर 9224992249 नंबर पर भेजना होगा। वहीं बीपीसीएल उपभोक्ता को RSP लिखकर 9223112222 नंबर पर भेजना होगा, जबकि एचपीसीएल उपभोक्ता को HPPrice लिखकर 9222201122 नंबर पर भेजना होगा, जिसके बाद ईंधन की कीमत की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
Created On :   21 April 2023 10:07 AM IST