मंत्री पर हमला: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर जनता दरबार में हमला, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

  • जनता दरबार में मंत्री गिरिराज सिंह पर हमला
  • आप के पूर्व जिला अध्यक्ष मोहम्मद सैफी पर लगाया आरोप
  • सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंत्री गिरिराज सिंह ने दी जानकारी

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-31 13:35 GMT

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर एक शख्स ने हमला कर दिया। आपको बता दें आज शनिवार को आयोजित जनता दरबार में एक युवक ने मंत्री सिंह को मुक्का मारने की कोशिश की गनीमत रही कि सुरक्षाकर्मियों ने युवक को पकड़ लिया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मंत्री गिरिराज सिंह ने आम आदमी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष मोहम्मद सैफी पर हंगामा कर हमला करने का आरोप लगाया है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, 'मैं गिरिराज हूँ और मैं हमेशा समाज के हितों के लिए बोलता रहूंगा,संघर्ष करता रहूंगा। इन हमलों से मैं डरने वाला नहीं।दाढ़ी-टोपी देखकर उनको पुचकारने और सहलाने वाले लोग आज देख लें कि किस प्रकार बेगुसराय बिहार सहित पूरे देश में लेंड जिहाद-लव जिहाद और साम्प्रदायिक तनाव पैदा किया जा रहा है।

आपको बता दें जनता की समस्याओं के निराकरण हेतु बलिया प्रखंड कार्यालय पर जनता दरबार के माध्यम से प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी की मौजूदगी में समस्याओं का संग्रह एवं उसके त्वरित निष्पादन का कार्य किया गया। जनता की समस्याओं के सम्पूर्ण निराकरण का यह पहल व प्रयास निरन्तर जारी रहेगा तथा क्षेत्रवासियों के जीवन को विभिन्न माध्यमों से सुगम बनाया जाएगा। आरोप है कि जनता दरबार में आम आदमी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष मोहम्मद सैफी ने हमले का प्रयास किया और गिरिराज सिंह के विरोध में जमकर नारेबाजी की। केंद्रीय मंत्री हमले में बाल-बाल बच गए।

मिली जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह जब जनता दरबार में लोगों से बातचीत कर रहे थे और उनकी जन समस्याओं को सुन रहे थे, उसी दौरान  मोहम्मद सैफी वहां पहुंचा। सैफी पर आरोप है कि पहले तो उसने माइक को छीना, फिर अनाप-शनाप बयानबाजी की। जब बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया तो आरोपी युवक ने गिरिराज सिंह की धक्का मुक्की की। 

Tags:    

Similar News