लोकसभा चुनाव 2024: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 जून को पीएम मोदी नेतृत्व वाली मौजूदा केंद्रीय मंत्रिपरिषद को देंगी फेयरवेल डिनर

  • लोकसभा चुनाव 2024 का अंतिम चरण आज
  • 4 जून को सभी चरणों के नतीजे
  • 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून 2024 को हो रहा है पूरा

Bhaskar Hindi
Update: 2024-06-01 09:52 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्रीय मंत्रिपरिषद को फेयरवेल डिनर देंगी। आज लोकसभा चुनाव 2024 का अंतिम चरण खत्म हो जाएगा। 4 जून को सभी चरणों के नतीजे आएंगे। 4 जून के चुनावी परिणामों से 18वीं लोकसभा में किस दल की सरकार बनेगी ये तस्वीर भी साफ हो जाएगी।

कई दशकों से ये परंपरा रही है कि हर लोकसभा के कार्यकाल की समाप्ति पर राष्ट्रपति की ओर से निर्वतमान होने जा रही केंद्रीय कैबिनेट को फेयरवेल डिनर पर आमंत्रित किया जाता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी 5 जून को इसी परंपरा का निर्वहन करेंगी। चुनावी नतीजों के अगले दिन ही राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में भोज का आयोजन किया है। भोज रात 8 बजे से होगा। आपको बता दें कि 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून, 2024 को पूरा हो रहा है। 16 जून से पहले नई सरकार का गठन हो जाएगा।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नई दिल्ली में आकाशवाणी से विशेष बातचीत में कहा कि निवर्तमान 17वीं लोकसभा महिला आरक्षण विधेयक, तीन तलाक जैसे कुप्रथा की समाप्ति और नए आपराधिक कानूनों को पारित करने सहित अपने ऐतिहासिक फैसलों के लिए जानी जाएगी। अपने 5 साल के कार्यकाल को याद करते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि ये कानून देश को आगे ले जाएंगे और सकारात्मक बदलाव लाएंगे। 17वीं लोकसभा के दौरान सदन में हुईं चर्चाएं और बहस 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए एक रोडमैप के रूप में काम करेंगी।

आपको बता दें भारतीय निर्वाचन आयोग ने 16 मार्च 2024 को चुनावी कार्यक्रम की तारीखों का ऐलान किया था। देश भर में सात चरणों में  चुनावी वोटिंग हुई।19 अप्रैल को पहला, 26 अप्रैल को दूसरा सात मई को तीसरा, 15 मई को चौथा, 20 मई पांचवां, 25 मई को छठा व आज 1 जून को आखिरी और सातवां चरण की वोटिंग हुई। यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल में सभी सात चरणों में मतदान हुए।

Tags:    

Similar News