विधानसभा चुनाव 2024 रिजल्ट: अरुणाचल प्रदेश में बीजेपी की प्रचंड जीत, सिक्किम में एक बार फिर प्रेम सिंह तमांग की सरकार, कांग्रेस का दोनों राज्यों में नहीं खुला खाता

  • अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के चुनावी नतीजे आए
  • सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में सत्ताधारी दलों की फिर वापसी
  • पीएम मोदी ने दी प्रतिक्रिया

Bhaskar Hindi
Update: 2024-06-02 12:17 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सात चरणों में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव के साथ देश के चार राज्य अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, ओडिशा और आंध्रप्रदेश में विधानसभा चुनाव हुए थे। इनमें से सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनाव के पहले चरण यानी 19 अप्रैल के साथ हुए थे। आज इन दोनों ही राज्यों के विधानसभा चुनाव की मतगणना का दिन है। सबसे पहले बात करें सिक्किम की तो यहां मतगणना समाप्त हो गई है। जिसमें सत्ताधारी दल सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) ने राज्य की 32 सीटों में से 31 जीत ली हैं। वहीं सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट को एक सीट मिली है। कांग्रेस और बीजेपी ने भी राज्य में अपने उम्मीदवार उतारे थे लेकिन कोई भी उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर पाए। बात करें पिछले चुनाव की तो यहां एसकेएम ने 32 में से 17 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी।

उधर, 60 सीटों वाले अरुणाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ बीजेपी एक बार फिर सत्ता पर काबिज हो गई है। अभी तक हुई मतगणना में बीजेपी ने 46 सीट जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है। इनमें से 10 सीटों पर पार्टी विधायक पहले ही निर्विरोध जीत चुके हैं। वहीं एनपीईपी के खाते में 5 व एनसीपी (अजीत पवार गुट) के खाते में 3 सीटें आई है। 3 निर्दलीय भी जीत चुके हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 42 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी।

पीएम मोदी ने प्रदेश कार्यकर्ताओं की तारीफ

अरुणाचल प्रदेश के नतीजों पर पीएम मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "मैं विधानसभा चुनाव के दौरान अरुणाचल प्रदेश के बीजेपी कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए कड़ी मेहनत की सराहना करना हूं। यह सराहनीय है कि वे किस तरह से पूरे राज्य में और लोगों से जुड़े।" इसके साथ ही इस ऐतिहासिक जीत के लिए पीएम मोदी ने राज्य की जनता को भी बधाई दी। पीएम ने कहा, "धन्यवाद अरुणाचल प्रदेश! इस अद्भुत राज्य की जनता ने विकास की राजनीति को स्पष्ट जनादेश दिया है। हमारी पार्टी राज्य के विकास के लिए और भी अधिक जोश के साथ काम करती रहेगी।"

इसके साथ ही पीएम मोदी ने सिक्किम विधानसभा के नतीजों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने रिकॉर्ड जीत के लिए सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा पार्टी को बधाई दी। उन्होंने अपने एक्स पर पोस्ट लिखा, "एसकेएम और सीएम प्रेम सिंह तमांग को सिक्किम विधानसभा चुनाव 2024 में उनकी जीत के लिए बधाई। मैं आने वाले समय में सिक्किम के विकास को आगे बढाने के लिए राज्य सरकार के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।"

Tags:    

Similar News