लोकसभा चुनाव 2024: लोगों की इच्छा साकार करने के लिए उचित समय पर उचित कदम उठाएंगे इंडिया गठबंधन

इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल बुधवार शाम दिल्ली में एकत्र हुए। यहां गठबंधन के नेताओं ने आगे की रणनीति तय करने के लिए करीब डेढ़ घंटे तक बैठक की। बैठक में गठबंधन की ओर से कहा गया कि वे उचित समय पर उचित कदम उठाएंगे।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-06-05 16:53 GMT

नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल बुधवार शाम दिल्ली में एकत्र हुए। यहां गठबंधन के नेताओं ने आगे की रणनीति तय करने के लिए करीब डेढ़ घंटे तक बैठक की। बैठक में गठबंधन की ओर से कहा गया कि वे उचित समय पर उचित कदम उठाएंगे।

हालांकि, गठबंधन ने अभी तक यह खुलासा नहीं किया है कि वे क्या कदम उठाने जा रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक के दौरान सभी की ओर से एक संयुक्त बयान में कहा, "लोगों ने भाजपा के शासन के खिलाफ वोट किया है। हम, भाजपा सरकार द्वारा शासित न होने की लोगों की इच्छा को साकार करने के लिए उचित समय पर उचित कदम उठाएंगे। यह हमारा निर्णय है कि हमने जनता से जो भी वादा किया है उसे निभाएंगे।"

उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के घटक दल हमारे गठबंधन को मिले जबरदस्त समर्थन के लिए भारत के लोगों को धन्यवाद देते हैं। लोगों के जनादेश ने भाजपा और उनकी नफरत एवं भ्रष्टाचार की राजनीति को करारा जवाब दिया है। यह भारत के संविधान की रक्षा के लिए, महंगाई, बेरोजगारी और सांठगांठ वाले पूंजीवाद के खिलाफ और लोकतंत्र को बचाने के लिए एक जनादेश है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इंडिया गठबंधन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा के फासीवादी शासन के खिलाफ लड़ना जारी रखेगा। हम भाजपा सरकार द्वारा शासित न होने की लोगों की इच्छा को साकार करने के लिए उचित समय पर उचित कदम उठाएंगे।

बहुमत से दूर रहा इंडिया गठबंधन अब अन्य राजनीतिक दलों का स्वागत करने को भी तैयार है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का कहना है कि इंडिया गठबंधन उन सभी राजनीतिक दलों का स्वागत करता है जो भारत के संविधान की प्रस्तावना में अटूट विश्वास रखते हैं और इसके आर्थिक, सामाजिक तथा राजनीतिक न्याय के उद्देश्यों से प्रतिबद्ध हैं।

इंडिया गठबंधन के घटक दलों की बैठक बुधवार शाम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई। उन्होंने गठबंधन के सहयोगी दलों से कहा कि मैं इंडिया गठबंधन के सभी साथियों का स्वागत करता हूं। हम एक साथ लड़े, तालमेल से लड़े और पूरी ताकत से लड़े। आप सबको बधाई।

कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक, 18वीं लोकसभा चुनाव का जनमत सीधे तौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ है। चुनाव उनके नाम और चेहरे पर लड़ा गया था और जनता ने भाजपा को बहुमत न देकर उनके नेतृत्व के प्रति साफ संदेश दिया है।

गौरतलब है कि इस चुनाव में इंडिया गठबंधन को 234 सीटें मिली हैं। वहीं दूसरी ओर भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने 292 सीटें जीती हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Similar News