घटना: दिल्ली एयरपोर्ट पर हुआ बड़ा हादसा, टर्मिनल -1 की छत गिरने से 6 लोग घायल, एविएशन मिनिस्टर ने दी प्रतिक्रिया

  • दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा
  • टर्मिनल -1 की छत गिरने से 6 लोग घायल
  • केंद्रीय उड्डयन मंत्री ने किया रिएक्ट

Bhaskar Hindi
Update: 2024-06-28 03:17 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में शुक्रवार सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की छत गिरने से छह लोगों के घायल होने की घटना सामने आई है। इस हादसे को लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने प्रतिक्रिया दी हैं। उन्होंने कहा है कि टर्मिनल-1 पर एयरलाइंस को हादसे में प्रभावित सभी यात्रियों की सहायता करने का निर्देश दिया गया है। हादसे में घायल लोगों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया है। घटना स्थल पर बचाव कार्य जारी है। 

दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल -1 की टूटी छत  

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह बारिश हुई थी। जिसके चलते दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की छत का एक टुकड़ा नीचे खड़ी गाड़ियों पर गिर गया है। इस दौरान छह लोग घायल हो गए हैं। इस हादसे पर अधिकारियों का कहना है कि टर्मिनल-1 में छत गिरने से कैब समेत कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई है। इस घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस मौके पर एयरपोर्ट पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फायर डायरेक्टर अतुल गर्ग ने छह लोगों के घायल होने की सूचना दी है।

यह भी पढ़े -देश भर में आज सुबह बदल गए पेट्रोल-डीजल के दाम, जानें कहां हुआ महंगा और कहां सस्ता?

उड्डन मंत्री ने किया ट्वीट

घटना पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने एक्स पर ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, "टी1 दिल्ली एयरपोर्ट पर छत गिरने की घटना पर व्यक्तिगत रूप से नजर रख रहा हूं। हादसे पर सबसे पहले रिस्पांस करने वाली टीम घटनास्थल पर काम कर रही है। साथ ही एयरलाइंस को टी1 पर सभी प्रभावित यात्रियों की सहायता करने की सलाह दी गई है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। बचाव कार्य अभी भी जारी है।"

एयरपोर्ट पर हुई घटना के बारे में अधिकारियों ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टर्मिनल-1 के छत की शीट को सपोर्ट देने वाले बीम टूटने से पिक-अप और ड्रॉप एरिया में खड़ी कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। जिस वजह से काफी नुकसान हुआ है। इस दौरान बीम गिरने से कार में बैठे शख्स जख्मी हुआ है, जिसे बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में घायल सभी लोगों को हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। जबकि, अन्य लोगों को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया है। 

Tags:    

Similar News