आगामी स्मार्टफोन: OnePlus 13 की तारीख की हुई पुष्टि, नए रंग विकल्प और डिजाइन आधिकारिक तौर पर सामने आए
- स्मार्टफोन 31 अक्टूबर को चीन में लॉन्च किया जाएगा
- हैंडसेट में BOE X2 डिस्प्ले मिलने की भी पुष्टि की गई है
- हैंडसेट तीन रंगों ब्लू, ब्लैक और व्हाइट के साथ आएगा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन की प्रीमियम स्मार्टफोन निर्माता कंपनी वनप्लस (OnePlus) ने आखिरकार अपने आगामी हैंडसेट के लॉन्च डेट की घोषणा कर दी है। यहां हम बात कर रहे हैं वनप्लस 13 (OnePlus 13) की, जो महीनों से चर्चा में था। जैसा कि पिछली लीक रिपोर्ट में कहा गया था, इस फोन को इसी महीने के अंत में लॉन्च किया जाएगा। वनप्लस ने OnePlus 13 की लॉन्च डेट बताने के साथ ही इसकी डिजाइन और कलर ऑप्शन का खुलासा भी किया है। बता दें कि, आगामी फोन वनप्लस 12 का सक्सेसर है, जिसे साल 2023 में लॉन्च किया गया था। आइए जानते हैं इस फोन से जुड़ी अन्य जानकारी...
OnePlus 13 कब होगा लॉन्च
वनप्लस ने पुष्टि की है कि उसका फ्लैगशिप स्मार्टफोन 31 अक्टूबर को स्थानीय समयानुसार शाम 4 बजे चीन में लॉन्च किया जाएगा। हैंडसेट में स्थानीय रिफ्रेश रेट फीचर के साथ BOE X2 डिस्प्ले मिलने की भी पुष्टि की गई है। हैंडसेट अपग्रेडेड सिस्टम एक्सपीरियंस, गेम परफॉर्मेंस और आई प्रोटेक्शन, बैटरी लाइफ और चार्जिंग और इमेजिंग क्षमताओं के साथ आएगा।
कलर ऑप्शन
कंपनी ने आगामी फोन की घोषणा के साथ ही तस्वीरें भी शेयर की है, जिससे इसके कलर ऑप्शन की पुष्टि हुई है। हैंडसेट तीन रंगों ब्लू, ब्लैक और व्हाइट में पेश किया जाएगा। बाद के दो रंग सिंपल फिनिश वाले हैं, जबकि, ब्लू कलर में डुअल-टोन दिखाई देता है, जिसमें कैमरा आइलैंड व्हाइट फिनिश वाला है।
कैसा है डिजाइन?
OnePlus 13 के कैमरा मॉड्यूल में थोड़ा बदलाव किया गया है और अब यह स्मार्टफोन बाकी फ्रेम से अलग हो गया है। हैंडसेट के चेसिस से जुड़े होने के बजाय, यह बाईं ओर एक अलग सर्कल के रूप में नजर आता है। कहा जा रहा है कि, शायद Hasselblad ब्रांडिंग को भी कैमरा यूनिट से हटा दिया गया है। बाकी डिजाइन अपने पुराने मॉडल के समान ही दिखाई देती है।
वनप्लस 13 के प्रमुख स्पेसिफिकेशन
आपको बता दें कि, अब तक इस फोन को लेकर कई सारी लीक रिपोर्ट सामने आ चुकी हैं। जिसके अनुसार, इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट वाली 6.82-इंच 2K 10-बिट LTPO BOE X2 माइक्रो क्वाड कर्व्ड OLED स्क्रीन होगी।
आगामी नए स्मार्टफोन में स्नैपड्रैगन 8 एलीट चिपसेट मिलने की संभावना है, जिसे 24GB तक रैम और 1TB तक ऑनबोर्ड स्टोरेज के साथ जोड़ा गया है। इसमें 100W फास्ट चार्जिंग (वायर्ड) के लिए सपोर्ट के साथ 6,000mAh की बैटरी मिलने की बात भी लीक रिपोर्ट में कही गई है।