महज ढाई मिनट में खत्म हुई राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस, सोशल मीडिया में जमकर हो रहे ट्रोल

महज ढाई मिनट में खत्म हुई राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस, सोशल मीडिया में जमकर हो रहे ट्रोल

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-13 14:30 GMT
महज ढाई मिनट में खत्म हुई राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस, सोशल मीडिया में जमकर हो रहे ट्रोल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की ढाई मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर सोशल मीडिया पर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम की जमकर आलोचना हो रही। ट्विटर पर हिस्टोरिकल पीसी के हैशटैग पर मीडियाकर्मियों ने पार्टी के इस तरह के दुर्व्यवहार पर नाराजगी जताई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता पार्टी अध्यक्ष की छवि खराब होने के लिए निरुपम को दोषी मान रहे हैं।

दरअसल राहुल मंगलवार को मुंबई दौरे पर आए हुए थे और बुधवार की सुबह उन्हें नागपुर रवाना होना था। कांग्रेस अध्यक्ष बांद्रा कुर्ला काम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के गेस्ट हाउस में रुके हुए थे। मंगलवार की रात मुंबई कांग्रेस की तरफ से मीडिया कर्मियों को SMS और ईमेल भेजकर बुधवार की सुबह 8.30 बजे राहुल गांधी की पत्रकारवार्ता की जानकारी दी गई। इतनी सुबह होने के बावजूद बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी बीकेसी पहुंच गए। एक घंटे के बाद राहुल गांधी आए और सिर्फ ढाई मिनट में प्रेस कांफ्रेस छोड़ कर चले गए।

मीडियाकर्मियों ने राहुल गांधी को ट्वीट कर जताई नाराजगी
इससे नाराज मीडियाकर्मियों ने राहुल गांधी को ट्वीट कर नाराजगी जताई। सूत्रों के अनुसार निरुपम ने कांग्रेस अध्यक्ष को इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बारे में जानकारी ही नही दी थी। बाद में निरुपम ने सफाई दी कि राहुल गांधी से सिर्फ न्यूज़ चैनलों को बाइट देने का निवेदन किया गया था। उन्होंने माना कि मुंबई कांग्रेस के मीडिया विभाग से गलती हुई है। मुंबई कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने कहा कि निरुपम की लापरवाही के चलते इस घटना की वजह से पूरे देश में कांग्रेस अध्यक्ष की छवि पर प्रतिकुल असर पड़ा है।  

Similar News