मुंबई से सूरत निकले कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोका

कानून व्यवस्था का हवाला मुंबई से सूरत निकले कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोका

Bhaskar Hindi
Update: 2023-04-03 15:40 GMT
मुंबई से सूरत निकले कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोका

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद राहुल गांधी को सूरत की सत्र न्यायालय से जमानत मिल गई। मुंबई से हजारों की संख्या में राहुल गांधी के समर्थन में सूरत गए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को महाराष्ट्र गुजरात बॉर्डर पर ही पुलिस ने रोक लिया। सूरत पुलिस ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए कांग्रेस के इन कार्यकर्ताओं को बॉर्डर पर रोका।

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप भी अपने समर्थकों के साथ मुंबई से सूरत निकले थे लेकिन गुजरात बॉर्डर पर ही जगताप को पुलिस ने रोक लिया। इस दौरान जगताप की पुलिस से नोंकझोंक भी हुई। जगताप ने पुलिस से पूछा कि आखिर उन्हें बीच रास्ते पर क्यों रोका गया है जिस पर एक महिला पुलिस अधिकारी ने ऊपर से आदेश मिलने का हवाला दिया। हालांकि कुछ देर बाद भाई जगताप सहित दूसरे कांग्रेस नेता सूरत पहुंच गए। 

मुंबई यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सूरज ठाकुर ने कहा कि सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता सूरत के लिए निकले थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। ठाकुर ने कहा कि देश में इस समय इमरजेंसी जैसे हालात पैदा हो गए हैं। राहुल गांधी देश के हर गरीब की आवाज को उठा रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार उनकी आवाज को दबाना चाहती है।

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सूरत अदालत के फैसले को सत्र न्यायालय में चुनौती दी है। हालांकि राहुल को अदालत से जमानत मिल गई है। इस मामले में अगली सुनवाई अब 13 अप्रैल को होगी।
 

Tags:    

Similar News