उद्धव ठाकरे का निशाना - वो खुद को मोदी का आदमी बताते हैं पर चेहरा बालासाहेब का लगाते हैं

बड़ा हमला उद्धव ठाकरे का निशाना - वो खुद को मोदी का आदमी बताते हैं पर चेहरा बालासाहेब का लगाते हैं

Bhaskar Hindi
Update: 2023-01-24 08:02 GMT
उद्धव ठाकरे का निशाना - वो खुद को मोदी का आदमी बताते हैं पर चेहरा बालासाहेब का लगाते हैं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना पक्ष प्रमुख तथा पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर बड़ा हमला बोला है। उद्धव ने मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना कहा कि वो खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आदमी बताते हैं लेकिन चेहरा शिवसेना प्रमुख दिवंगत बालासाहेब ठाकरे इस्तेमाल करते हैं। सोमवार को उद्धव ने शिवसेना प्रमुख दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की जयंती पर सायन के षण्मुखानंद सभागृह में आयोजित सभा को संबोधित किया। उद्धव ने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो आगामी चुनावों में केवल मोदी का फोटो लगाकर आएं। हम अपने पिता बालासाहेब की तस्वीर लेकर जनता के सामने आएंगे। फिर देखते हैं कि महाराष्ट्र किसकी ओर है। उद्धव ने कहा कि प्रधानमंत्री के होने के बावजूद महाराष्ट्र में बालासाहेब के नाम के बिना चुनावों में वोट नहीं मिल सकता है। यह उन्हें अच्छी तरह से मालूम है। इसलिए बालासाहेब के तस्वीर का इस्तेमाल करते हैं। उद्धव ने कहा कि वो बालासाहेब के विचारों को आगे बढ़ाने का दावा करते हैं, दूसरी ओर खुद को प्रधानमंत्री का आदमी बताते हैं। इसके बाद वे राकांपा अध्यक्ष शरद पवार को अच्छा आदमी कहते हैं। आखिर में वह किसकी तस्वीर लगाना चाहते हैं? उद्धव ने कहा कि पिता को चुराने वाली औलाद से मेरा कहना है कि कम से कम अपने पिता को याद रखें नहीं तो पता चला कि वह अपने पिता को ही भूल जाएंगे। उद्धव ने कहा कि भाजपा का हिंदुत्व केवल दिखावा है। हिंदुत्व के आधार पर देश में एक धोखे की दीवार खड़ी की जा रही है। उस दीवार पर पकड़ मजबूत की जा रही है। जिसके जरिए आवाज उठाने वालों का मुंह बंद करने की कोशिश हो रही है। 

मुंबई को सोने की अंडा देने वाली मुर्गी समझते हैं मोदी 

उद्धव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नजर मुंबई मनपा की फिक्स डिपॉजिट (एफडी) पर है। मोदी ने मुंबई दौरे के समय कहा था कि बैंक में पैसा रखकर विकास नहीं किया जा सकता। लेकिन वह मुंबई मनपा को सोने की अंडा देने वाली मुर्गी समझते हैं पर हमारे लिए मुंबई मातृभूमि है। उद्धव ने कहा कि मोदी मुंबई मनपा पर भाजपा की सत्ता चाहते हैं। ताकि वो मुंबई मनपा के खजाने को खाली कर सकें। इसलिए अब बुरी नजर वाले तेरा मुंह काला कहने की नौबत आ गई है। हम मुंबई पर बुरी नजर रखने वालों का मुंह काल कर देंगे। हम मुंबई को लूटने नहीं देंगे। उद्धव ने कहा कि मुंबई मनपा के पास एफडी की राशि उपलब्ध होने के चलते मुंबई मनपा के कोस्टल रोड पर टोल मुक्त होगा।  

कार्यकर्ताओं के समर्थन से बना रहूंगा पक्ष प्रमुख 

उद्धव ने कहा कि मेरे पक्ष प्रमुख पद के बारे में तय करने का अधिकार शिवसेना के कार्यकर्ताओं को है। शिंदे गुट कौन है? जो मेरे पक्ष प्रमुख पद के बारे में बोलेगा। जब तक लाखों- करोड़ों शिवसेना के कार्यकर्ता मेरे साथ हैं तब तक मैं शिवसेना का पक्ष प्रमुख बना रहूंगा। जिस दिन कार्यकर्ता कहेंगे उस दिन मैं शिवसेना पक्ष प्रमुख पद छोड़ दूंगा। उद्धव ने शिवसेना के बागी विधायकों पर हमला बोलते हुए कहा कि गद्दार बिक सकते हैं। खोके (पैसे) से गद्दारों को खरीदा जा सकता है। लेकिन शिवसेना के कार्यकर्ता बिक नहीं सकते।  

तैलचित्र लगाने वालों का उद्देश्य गलत  

उद्धव ने कहा कि विधानभवन के सेंट्रल हॉल में बालासाहेब ठाकरे के तैलचित्र का अनावरण हुआ है। इसका मुझे अभिमान है। लेकिन तैलचित्र लगाने वाले का उद्देश्य गलत है। उद्धव का इशारा मुख्यमंत्री ओर था। उद्धव ने कहा कि मुझे तैलचित्र बनाने वाले कलाकार का अपमान नहीं करना है लेकिन उन्हें क्या तैलचित्र तैयार करने के लिए पर्याप्त रूप से समय दिया गया है? क्योंकि जल्दबाजी में कुछ भी तैयार करके बता दिया जाएगा कि वह आपके पिता हैं तो यह मुझे स्वीकार नहीं है।  

राज्यपाल को महाराष्ट्र से भगा देना चाहिए- उद्धव 

उद्धव ने कहा कि राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने इस्तीफा देने की इच्छा जताई है उन्हें देरी से समझदारी सुझी है। लेकिन ऐसे व्यक्ति को महाराष्ट्र से भगा देना चाहिए। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान किया है। 
 

Tags:    

Similar News