कोरोना के बढ़ते मामलों से सरकार चिंतित, तानाजी सावंत ने कहा - अगले कुछ दिन महत्वपूर्ण

सावधान कोरोना के बढ़ते मामलों से सरकार चिंतित, तानाजी सावंत ने कहा - अगले कुछ दिन महत्वपूर्ण

Bhaskar Hindi
Update: 2023-04-06 15:56 GMT
कोरोना के बढ़ते मामलों से सरकार चिंतित, तानाजी सावंत ने कहा - अगले कुछ दिन महत्वपूर्ण

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में बढ़ रहे कोरोना के मामलों ने राज्य सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राज्य के सातारा जिले में बढ़ते संक्रमण के मामलों के चलते स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत का कहना है कि अगले कुछ दिन राज्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण होने वाले हैं। सावंत ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। 

राज्य के सातारा जिले में पिछले कुछ दिनों में हुईं दो मौत से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था जिसके बाद जिला प्रशासन ने सातारा के सरकारी कार्यालयों, बैंकों, स्कूलों और कॉलेजों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया था। स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत ने बताया कि राज्य में बढ़ रहे कोरोना के मामले सरकार के लिए चिंता का सबब हैं लेकिन घबराने जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि इस समय जितने भी लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा रहे हैं वह सभी 48-72 घंटे में रिकवर हो रहे हैं। सावंत ने कहा कि राज्य के छह जिलों सातारा, सोलापुर, सांगली, कोल्हापुर और पुणे में पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। अगले कुछ दिन महत्वपूर्ण होने वाले हैं। राज्य के अस्पतालों को तैयार रहने के लिए कहा गया है। 

राज्य में कोरोना के मरीजों की संख्या 3500 के पार पहुंच गई है लेकिन राहत की बात है कि अभी तक मुंबई में सिर्फ 2 मरीज ऑक्सिजन सपोर्ट पर हैं। जबकि कोई भी मरीज वेंटिलेटर पर नहीं है। राज्य में कोरोना के कारण मृत्यु दर 1.82 प्रतिशत है जबकि रिकवरी रेट 98 फीसदी है। मुंबई में गुरुवार तक कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1244 तक पहुंच गई है। 

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने की अपील की है। इसके अलावा मास्क और सेनिटाइजर का इस्तेमाल करने को भी कहा है। सरकार लोगों को जागरूक करने के लिए अगले सप्ताह मॉक ड्रिल करने का भी ऐलान किया है।
 

Tags:    

Similar News