5 हजार महिलाओं को उद्योगपति बनाएगी सरकार, मिलेंगी कई सुविधाएं

5 हजार महिलाओं को उद्योगपति बनाएगी सरकार, मिलेंगी कई सुविधाएं

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-19 14:27 GMT
5 हजार महिलाओं को उद्योगपति बनाएगी सरकार, मिलेंगी कई सुविधाएं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में महिला उद्यमियों की संख्या बेहद कम है। फिलहाल सरकार ने 9 फीसदी महिला उद्योगपतियों की संख्या को 25 फीसदी तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। सरकार की योजना है कि अगले पांच साल के भीतर 5 हजार महिला उद्यमियों को तैयार किया जाएगा। महिला उद्योग नीति के बारे में महिला उद्यमियों को जागरूक करने के लिए उद्योग विभाग ने आगामी 27 जून को वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में एक कार्यशाला का आयोजन किया है। राज्य के उद्योग विकास आयुक्त डॉ हर्षदीप कांबले ने दैनिक भास्कर को बताया कि महिला उद्योग नीति के तहत अगले पांच वर्षों के दौरान पांच हजार महिला उद्यमियों को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

उद्योगों में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण
महिलाओं को उद्योग लगाने के लिए 15 लाख से 1 करोड़ रुपए तक की सब्सिडी मिलेगी। साथ ही ब्याज दरों में रियायत, सस्ती बिजली के साथ सरकार उनके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने में भी मदद करेगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल राज्य के ए और बी वर्ग के इलाकों (मुंबई-पुणे जैसे) में उद्योगों को अधिक सहूलियत नहीं दी जाती। लेकिन महिला उद्यमियों को इन इलाकों में भी सहूलियत मिलेगी। साथ ही नक्सल प्रभावित इलाकों के लिए मिलने वाली 15 से 35 फीसदी तक की सब्सिडी इन्हें भी मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह सब्सिडी नए उद्योगों के लिए ही दी जाएगी। इसके लिए उद्योग विभाग बैंकों के साथ करार कर रहा है। उद्योग लगाने की शुरुआत करने के बाद यह सब्सिडी दी जाएगी।

प्रदर्शनी के लिए मिलेंगे 3 लाख
डॉ कांबले ने बताया कि महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए भी आर्थिक मदद दी जाएगी। राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के लिए 50 हजार और अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी में हिस्सा लेने के लिए एक से तीन लाख रुपए तक की आर्थिक मदद दी जाएगी।

महिला कामगारों के लिए 50 फीसदी आरक्षण
महिला उद्योग नीति के तहत लाभ लेने के लिए महिला उद्यमियों को अपने उद्योगों में महिला कर्मचारियों के लिए 50 फीसदी जगह आरक्षित रखनी होगी। उन्होंने बताया कि इससे महिलाओं को रोजगार भी आसानी से मिल सकेगा। सरकार महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें पुरस्कार भी प्रदान करेगी। महिला उद्यमियों की मदद के लिए 50 करोड़ रुपए की सहायता निधि भी तैयार की गई है।

महिला उद्यमी सिखाएंगी बिजनेस के गुर
आगामी 27 जून को मुंबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में महिला उद्यमियों के लिए आयोजित कार्यशाला में महिला उद्यमी कल्पना सरोज, फैशन डिजायनर अर्चना कोचर, मानदेशी ग्रामीण बैंक की संचालिका चेतना सिन्हा आदि महिलाओं को उद्योग-व्यापार के गुर सिखाएंगी। 
 

Similar News