ठाणे महानगरपालिका में पेश किया 4370 करोड़ रुपए का बजट

स्वास्थ्य और स्वच्छता पर जोर ठाणे महानगरपालिका में पेश किया 4370 करोड़ रुपए का बजट

Bhaskar Hindi
Update: 2023-03-21 15:47 GMT
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ठाणे महानगरपालिका आयुक्त व प्रशासक अभिजीत बांगर ने मंगलवार को साल 2023-24 के लिए 4370 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। बजट में कोई नया टैक्स नहीं बढ़ाया गया है और न ही दर में वृद्धि की गई है। बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर जोर दिया गया है। इस बजट में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की छाप देखने को मिली है। उनके सपनों को साकार करने वाली  योजनओं पर बल दिया गया है। मुख्यमंत्री के बदलते ठाणे अभियान के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, शहर के सौंदर्यीकरण, गड्ढा मुक्त सड़कें, शून्य कचरा अभियान आदि महत्वपूर्ण योजनाओं पर विशेष ध्यान रखा गया है। बजट में कोई पुरानी परियोजना शामिल नहीं है।

ठाणे महानगरपालिका की ओर से 2022-23 में 3384 करोड़ का बजट तैयार किया गया था। हालांकि कुछ विभागों से होने वाली आय में कमी के कारण राजस्व आय 3021 करोड़ 51 लाख की जगह संशोधित कर 2785 करोड़ 45 लाख कर दी गई। इस प्रकार 2022-23 में 4235 करोड़ 83 लाख के शेष के साथ 2023-24 के लिए 4370 करोड़ का मूल बजट पेश किया गया। महानगरपालिका की ओर से लगने वाले विभिन्न करों की दर में वृद्धि न करते हुए अन्य माध्यमों से राजस्व आय बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इस बजट में व्यय में राजकोषीय अनुशासन, अनावश्यक राजस्व व्यय में कमी, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के त्रिस्तरीय कार्यक्रम का क्रियान्वयन, पूंजीगत कार्यों के तहत कार्यों को पूरा करना, प्रशासनिक कार्यों में सुधार, अनुदान से प्राप्त कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करना, कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखना जैसे महत्वपूर्ण उद्देश्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री के बदलते ठाणे अभियान पर विशेष जोर

बजट में मुख्यमंत्री के बदलते ठाणे अभियान के तहत होने वाले कार्यों पर विशेष जोर दिया गया है। बजट में स्वच्छ ठाणे के तहत जीरो वेस्ट अभियान का क्रियान्वयन, ट्रांसफर स्टेशन का क्रियान्वयन, डायघर परियोजना, दिवा मिसाइल को बंद करना, सार्वजनिक सड़कों की सफाई, स्वच्छ ठाणे के तहत शौचालयों का नवीनीकरण और पुनर्निर्माण, सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण, कंटेनर शौचालयों का निर्माण, गड्ढा मुक्त ठाणे के तहत सड़क परिवहन नेटवर्क को मजबूत करना, सड़कों में गैप को भरना, खांचे को फिर से भरना, सड़क के कार्यों की गुणवत्ता आदि कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। सुंदर ठाणे के तहत सीएसआर के माध्यम से शहर के सौंदर्यीकरण, तालाबों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण जैसी योजनाओं को लागू करने पाए जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना लागू की जाएगी

इसके अलावा मुख्यमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना लागू की जाएगी। साथ ही आशा कर्मियों को अतिरिक्त पारिश्रमिक, एनोमली स्कैन, प्रसूति गृहों का सुदृढ़ीकरण, पोषण, मातृत्व भेंट आदि गतिविधियों को क्रियान्वित किया जाएगा। पार्किंग प्लाजा, माझी आरोग्य सखी योजना में मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल, महानगरपालिका क्षेत्र में सीबीएससी स्कूल शुरू करना, कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल का मरम्मतीकरण, मराठी स्कूलों को सशक्त बनाना, नए अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को शुरू करना, अमृत योजना के तहत जल आपूर्ति को सक्षम बनाना, दिवा और मुंब्रा प्रभाग समिति के तहत पानी की रिमॉडलिंग, झोपड़पट्टी क्षेत्र में पुस्तकालय का निर्माण, यातायात भीड़ को हल करने के लिए एक समाधान योजना, घाटकोपर से ठाणे के बीच ईस्टर्न फ्रीवे का विस्तार, आनंद नगर से साकेत एलिवेटेड रोड, ठाणे शहर और कोपरी ईस्ट वागले एस्टेट को जोड़ना, पार्किंग, क्लस्टर योजना, आंतरिक मेट्रो परियोजना, प्रदूषण मुक्त और धूल मुक्त ठाणे, धर्मवीर आनंद दीघे स्वयंरोजगार योजना, फेरीवाला नीति, प्रशासनिक कार्य में सुधार, महानगरपालिका की तरफ से म्युनिसिपल बॉन्ड के तहत निधि जमा करना आदि शामिल हैं।

 

Tags:    

Similar News