आदित्य ठाकरे ने कहा - बगावत से पहले वर्षा में आकर रोए थे शिंदे

शिंदे गुट ने दावे को किया खारिज आदित्य ठाकरे ने कहा - बगावत से पहले वर्षा में आकर रोए थे शिंदे

Bhaskar Hindi
Update: 2023-04-13 15:55 GMT
आदित्य ठाकरे ने कहा - बगावत से पहले वर्षा में आकर रोए थे शिंदे

डिजिटल डेस्क, मुंबई. शिवसेना (उद्धव गुट) के विधायक तथा राज्य के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को लेकर बड़ा दावा किया है। आदित्य के दावे का विपक्ष के गठजोड़ महाविकास आघाड़ी ने समर्थन किया है। वहीं शिवसेना (शिंदे गुट) और भाजपा उन पर हमलावर हो गई है। जबकि मुख्यमंत्री आदित्य के बयान को ज्यादा गंभीरता से लेते नहीं दिखे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि आदित्य के बयान को छोड़ दीजिए। वे अभी छोटे हैं।'

गुरुवार को आदित्य ने कहा कि शिंदे बगावत से पहले वर्षा में आकर तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के सामने रोए थे। आदित्य ने कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार के समय उद्धव को शिंदे के बगावत की भनक पहले ही लग गई थी। इस कारण उद्धव ने शिंदे को 20 मई के दिन सरकारी आवास वर्षा पर बुलाया था। उद्धव ने शिंदे से पूछा था कि आप बगावत क्यों करना चाह रहे हैं? मेरे कान तक जो बातें आई हैं वह सच हैं क्या?आप शिवसेना (अविभाजीत) को छोड़ने वाले हैं क्या? आपको मुख्यमंत्री बनना है क्या?इस पर शिंदे रोने लगे थे।

"शिंदे ने कहा था, भाजपा का मुझ पर दबाव है'

बकौल आदित्य उस वक्त शिंदे ने कहा था कि मुझ पर भाजपा का काफी दबाव है। मेरी कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। लेकिन मैं भाजपा के साथ नहीं जाऊंगा पर शिंदे ने हम लोगों से झूठ बोला था। शिंदे ने हम लोगों से झूठ बोलकर भाजपा के साथ नई सरकार बना ली। आदित्य ने कहा कि शिंदे ने हमारे साथ में जो बर्ताव किया है शायद वे भविष्य में भाजपा के साथ भी ऐसा बर्ताव कर सकते हैं क्योंकि एक बार विश्वासघात करने वाला व्यक्ति बार-बार ऐसा कर सकता है। 

राऊत का दावा, शिंदे ने मुझ से कहा था, मैं जेल जाना नहीं चाहता

दूसरी ओर शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राऊत ने कहा कि आदित्य की बात मेरी तरह से सच है। शिंदे नेभांडूप स्थित मेरे घर पर आकर कहा था कि मैं जेल जाना नहीं चाहता। आप कुछ करिए। आप कांग्रेस और राकांपा से गठबंधन तोड़ने का फैसला करिए। राऊत ने कहा कि उस समय कई लोगों के खिलाफ ईडी और सीबीआई की कार्रवाई चल रही थी। शिंदे को डर था कि उन्हें जेल में डाल दिया जाएगा। 

उद्धव की बात सुन शिंदे के आंखों में आए थे आंसूः केसरकर

जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) के मुख्य प्रवक्ता तथा राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर ने कहा कि उद्धव ने शिंदे को अपने घर पर बुलाया था। उद्धव ने शिंदे से कहा था कि आप मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं तो बन जाइए। मैं मुख्यमंत्री पद छोड़ दूंगा। उस समय उद्धव की बात सुनकर शिंदे के आंखों में आंसू आ गए थे। केसरकर ने कहा कि यह बात मैं नहीं बल्कि उद्धव खुद एक साक्षात्कार में कह चुके हैं। लेकिन आदित्य की झूठ बोलने की ट्रेनिंग चल रही है वे अपने पिता उद्धव का भी आदर नहीं करते हैं। इसलिए उद्धव ने जो कहा था आदित्य ठीक उसके विरूद्ध बोल रहे हैं। शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक संजय शिरसाटने कहा कि यह सच है कि शिंदे तत्कालीन मुख्यमंत्री के घर पर गए थे। लेकिन शिंदे के रोने की बात बिल्कुल गलत है। शिंदे शिवसेना के विधायकों की बातों को रखने के लिए उद्धव के पास गए थे। 

भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने कहा कि आदित्य कौन हैं? उन्हें समाज में क्या प्रतिष्ठा है। आदित्य बचकाना दावा कर रहे हैं। शिंदे भाजपा में शामिल नहीं हुए हैं बल्कि वे पूरी शिवसेना को ही अपने साथ ले आए हैं। राज्य में भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) की सरकार है।

                         

Tags:    

Similar News