थामा हाथ: खड़गे बोले - चक दे इंडिया- चक दे हरियाणा, विनेश-पूनिया बने कांग्रेसी, चुनाव लड़ सकते हैं दोनों पहलवान

  • कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं दोनों पहलवान
  • ‘चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा’ : खड़गे
  • हरियाणा चुनाव से पहले विनेश-पूनिया बने कांग्रेसी

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-06 14:52 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. हरियाणा विधानसभा चुनाव के ऐन पहले पहलवाान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने शुक्रवार को कांग्रेस का ‘हाथ’ थाम लिया। इस अवसर पर पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा और हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भान भी मौजूद रहे। पार्टी में शामिल होने से पहले दोनों पहलवानों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से उनके आवास पर मुलाकात की।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद विनेश फोगाट ने उम्मीद जतई कि वह सबकी उम्मीदों पर ख्ररी उतरेंगी। उन्होंने कहा कि वे खिलाड़ियों का साथ देंगी और उनकी आवाज उठाने में आगे रहेंगी। उन्होंने कहा कि बुरे वक्त में पता चलता है कि अपना कौन है। जब हम सड़क पर थे तो भाजपा को छोड़कर बाकी सभी दल हमारे साथ थे। मुझे गर्व है कि मैं ऐसी पार्टी का हिस्सा बन रही हूं, जो कि देश के लोगों का दर्द समझती है। उन्होंने कहा कि वह अपनी बहनों के साथ हमेशा खड़ी रहेंगी। उधर बजरंग पूनिया ने कहा कि आज भाजपा की आईटी सेल बोल रही है कि इनका मकसद सिर्फ राजनीति करना था। तो उनको बता दें कि हमने तो उन्हें भी चिट्‌ठी भेजी थी, फिर भी हमारे पास नहीं आए।

चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा’ : खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने विनेश और पूनिया से मुलाकात की तस्वीर एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, “चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा! दुनिया में भारत का नाम रौशन करने वाले हमारे प्रतिभाशाली चैंपियन विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया से 10, राजाजी मार्ग पर मुलाकात। हमें आप दोनों पर गर्व है”। बता दें कि हाल ही में बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। तभी यह लगभग तय हो गया था कि दोनों पहलवान कांग्रेस में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि कांग्रेस पूनिया और फोगाट दोनों को हरियाणा विधानसभा चुनाव में टिकट देगी।

Tags:    

Similar News