New Delhi News: विधानमंडलों की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग जरूरी - बिरला

  • राष्ट्रमंडल संसदीय संघ, भारत क्षेत्र सम्मेलन में बोल रहे थे लोकसभा अध्यक्ष
  • विधानमंडलों की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग जरूरी

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-23 15:24 GMT

New Delhi News : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विधानमंडलों की कार्यकुशलता और कार्यप्रणाली में सुधार के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग पर बल दिया है। उन्होंने आग्रह किया कि तकनीक के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए विधायी संस्थाएं विभिन्न मंचों पर चर्चा करें और जनकल्याणकारी योजनाओं को आकार दें। बिरला ने यह बात सोमवार को संसद भवन परिसर में 10वें राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र सम्मेलन के पूर्ण सत्र की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में जब प्रौद्योगिकी और संचार माध्यम लोगों के दैनिक जीवन का हिस्सा बन गए हैं, जनप्रतिनिधियों को लोगों की लोकतंत्र से बढ़ती आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को पूरा करने के तौर-तरीके और साधन विधायी संस्थाओं के माध्यम से खोजने चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान समावेशी शासन की भावना का सबसे सशक्त उदाहरण है, जो विकास के पथ पर सबको साथ लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और हमारा मार्गदर्शन करता है।

लोकसभा अध्यक्ष ने लोकतांत्रिक संस्थाओं द्वारा कार्यपालिका की जवाबदही और पारदर्शिता सुनिश्चित किए जाने और शासन को अधिक उत्तरदायी और कुशल बनाए जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भारत की संसद द्वारा पारित ऐतिहासिक कानूनों से विकास की गति तेज हुई है और भारत की प्रगति अधिक समावेशी हुई है। श्री बिरला ने जोर देकर कहा कि विधायी संस्थाओं के सहयोग और समर्थन के बिना आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण संभव नहीं।


Tags:    

Similar News