सियासत पर असर: केजरीवाल की रिहाई से बढ़ेगी कांग्रेस की मुश्किल! सत्ता विरोधी मत बंटा तो फायदा में भाजपा

  • जमानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के हौंसले बुलंद
  • केजरीवाल की रिहाई से बढ़ेगी कांग्रेस की मुश्किल!
  • एक-एक वोट से नतीजों पर पड़ेगा फर्क

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-13 14:02 GMT

डिजिटल डेस्क, अजीत कुमार, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के हौंसले बुलंद हैं। पार्टी का मानना है कि केजरीवाल के बाहर आने के बाद वह हरियाणा विधान सभा का चुनाव और दमदारी से लड़ेगी। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि केजरीवाल की रिहाई हरियाणा में कांग्रेस की संभावित जीत को कितना प्रभावित करेगी? दरअसल आप हरियाणा में 5 अक्तूबर को होने वाला विधान सभा चुनाव अपने दम पर लड़ने जा रही है। पहले कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन होना लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन सीट बंटवारे पर दोनों के बीच बात नहीं बन सकी। अब आप ने राज्य की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। केजरीवाल के जेल से बाहर आने के बाद यह स्पष्ट है कि आप अब हरियाणा चुनाव आक्रामक ढंग से लड़ेगी, क्योंकि हरियाणा केजरीवाल का गृह राज्य है। सियासी पंडितों का मानना है कि आप का प्रचार अभियान जितना आक्रामक होगा, भाजपा विरोधी वोट उतना ही बंटेगा। इससे कांग्रेस को जहां नुकसान होगा तो वहीं भाजपा को फायदा हो सकता है।

एक-एक वोट से नतीजों पर पड़ेगा फर्क

चुनाव विश्लेषक संजय राय कहते हैं कि आप ने हरियाणा में पिछले विधान सभा चुनाव में कोई खास प्रदर्शन नहीं किया था। लेकिन इस बार वह अपने वोट बैंक में वृद्धि कर सकती है। खासकर पंजाब से लगे इलाकों और कुरुक्षेत्र के आसपास के इलाकों में। आप के वोट बैंक में यही संभावित वृद्धि कांग्रेस के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है। दरअसल इस बार हरियाणा में एक-एक वोट नतीजों को प्रभावित कर सकता है।

अब हम दोगुनी ताकत से लड़ेंगे : सुशील गुप्ता

केजरीवाल की रिहाई की खबर से उत्साहित हरियाणा आप के अध्यक्ष सुशील गुप्ता कहते हैं कि अब हम दोगुनी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे। हरियाणा के लोग एक ईमानदार सरकार चुनना चाहते हैं। उधर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विनीत पुनिया कहते हैं कि हर पार्टी अपने हिसाब से चुनाव लड़ने को स्वतंत्र है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जनता ने बदलाव का मन बना लिया है और जनता को यह साफ दिख रहा है कि भाजपा को हराने की क्षमता किसमें है?

Tags:    

Similar News