वाघमारे समर्थक जिप उपाध्यक्ष ताले की घरवापसी

  • जिप सदस्य बेघेले भी लौट
  • निलंबन के भय से वापसी की चर्चा

Bhaskar Hindi
Update: 2023-08-02 13:28 GMT

डिजिटल डेस्क, भंडारा / तुमसर. भाजपा में चल रहे अंदरूनी कलह के चलते वरिष्ठों के आदेश को दरकिनार कर पूर्व विधायक चरण वाघमारे के नेतृत्व में जिला परिषद में सत्ता स्थापित करने के लिए कांग्रेस पार्टी को समर्थन देनेवाले संदीप ताले ने जिप सदस्य कृष्णकांत बघेले के साथ फिर से भाजपा में घरवापसी की है।

यहां बता दें कि जिप उपाध्यक्ष संदीप ताले को चरण वाघमारे के कट्टर समर्थक के रूप में जाना जाता है। भाजपा से निष्कासित चरण वाघमारे ने कुछ माह पहले बीआरएस पार्टी में प्रवेश किया था। पार्टी के आदेश की अवमानना करनेवाले पांच सदस्यों के खिलाफ निलंबन का मामला चल रहा था। ऐसे में निलंबन की कार्रवाई के डर से उपाध्यक्ष व सदस्य लौट आए हंै, ऐसी चर्चा हैं। इससे पूर्व बंडू बनकर व दिलीप सार्वे यह दो सदस्य भाजपा में वापस लौटे हंै। जिसके बाद अब मंगलवार, 1 अगस्त को पूर्व पालकमंत्री तथा भाजपा नेता डाॅ.परिणय फुके के नेतृत्व में जिप उपाध्यक्ष संदीप ताले व कृष्णकांत बघेले भाजपा में वापस लौट आए है।

तो वहीं ध्रुपता मेहर की भूमिका स्पष्ट नहीं हो सकी है। गौरतलब है कि वर्ष 2022 में जिला परिषद में सत्ता स्थापित करने के लिए भाजपा के पांच सदस्यों ने पूर्व विधायक चरण वाघमारे के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी को समर्थन दिया था। इन पांच सदस्यों में संदीप ताले, बंडू बनकर, दिलीप सार्वे, कृष्णकांत बघेले, ध्रुपता मेहर का समावेश है। लेकिन भाजपा ने इन पांचों के खिलाफ जिलाधिकारी के पास पद से निलंबन के लिए प्रकरण चलाया था। निलंबन के डर से पहले दो सदस्य बंडू बनकर व दिलीप सार्वे भाजपा में वापस लौटे। जिसके बाद अब जिप उपाध्यक्ष संदीप ताले व कृष्णकांत बघेले भी वापस लौट आए है। 

जि.प. में बनी रहेगी कांग्रेस की सत्ता

मोहन पंचभाई, जि.प. सदस्य व जिलाध्यक्ष, कांग्रेस के मुताबिक पार्टी से नाराज चल रहे सदस्यों ने सत्ता स्थापित करने के लिए पार्टी में रहते हुए हमे समर्थन दिया था। वह भाजपा में रहकर हमें समर्थन दे रहे थे। वह भाजपा में ही थे। जि.प. में कांग्रेस की सत्ता बनीं रहेगी। ढाई वर्ष किसी तरह का निर्णय नहीं लिया जा सकता।

दर्ज प्रकरण वापिस लेंगे

विनोद बांते, तहसील अध्यक्ष, भंडारा, भाजपा के मुताबिक जिप उपाध्यक्ष व सदस्य वापिस भाजपा में लौट आए हैं। वर्ष 2024 के चुनाव के लिए पार्टी को मजबूत कर रहे है। सदस्यों के खिलाफ दर्ज प्रकरण कल ही वापिस लिया जाएगा।



Tags:    

Similar News