गूगल पर आत्महत्या करने का तरीका खोज रहे युवक की जान बचाई

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कर्ज के बोझ से परेशान मुंबई में रहने वाले एक 25 वर्षीय इंजीनियर ने गूगल पर आत्महत्या का आसान तरीका खोजने की कोशिश की। युवक पहले भी तीन चार बार आत्महत्या की कुछ कोशिशें कर चुका था लेकिन सफल नहीं हुआ था। वह बिना दर्द के आसान मौत मरना चाहता था। लेकिन उसने जैसे ही मरने का आसान रास्ता खोजने के लिए गूगल का इस्तेमाल किया अमेरिका की नेशनल सेंट्रल ब्यूरो को इसकी भनक लग गई। जांच में पाया गया कि मुंबई के आईपी एड्रेस ने आत्महत्या का रास्ता खोजा गया है। इसके बाद इंटरपोल के जरिए पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) फिर मुंबई पुलिस तक सूचना पहुंचाई गई। जिससे उस युवक की जान बच सकी।
मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की यूनिट पांच को उस व्यक्ति की पहचान करने और आत्महत्या से रोकने का जिम्मा सौंपा गया। पुलिस इंस्पेक्टर अजीत गोंधली की अगुआई में पुलिस की टीम युवक के कुर्ला के किस्मत नगर इलाके में स्थित ऑफिस पहुंच गई और बातचीत के लिए युवक को अपने साथ ले गई। युवक ने आत्महत्या का रास्ता खोजने के लिए ऑफिस के ही कंप्यूटर का इंस्तेमाल किया था। मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रहने वाले युवक ने बताया कि उसे नौकरी से जो वेतन मिलता है उससे खर्च पूरा नहीं होता साथ ही उसे शराब की भी लत थी। इसलिए उसने धीरे-धीरे कर काफी कर्ज ले लिया था। वह अब कर्ज वापस नहीं कर पा रहा है। इससे परेशान होकर उसने कई बार आत्महत्या की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुआ। इसीलिए उसने गूगल पर मरने का आसान रास्ता ढूंढने की कोशिश की। डीसीपी प्रशांत कदम ने बताया कि युवक को समझाया बुझाया गया जिसके बाद उसने आत्महत्या का विचार त्याग दिया है। उसे माता-पिता को सौंप दिया गया है। माता-पिता ने सक्रियता दिखाते हुए बेटे की जान बचाने के लिए मुंबई पुलिस और दूसरी एजेंसियों को धन्यवाद दिया है।
Created On :   16 Feb 2023 7:11 PM IST