ग्रीन गार्डेन होटल में मिला टेंट कर्मचारी का शव

डिजिटल डेस्क शहडोल। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोरतरा स्थित ग्रीन गार्डन होटल में एक युवक का शव पाया गया। मृतक युवक की पहचान शहर के पुट्टी बाड़ा निवासी संतोष उर्फ भोला यादव 30 वर्ष के रूप में की गई है। बताया गया है कि मृतक युवक टेंट कर्मचारी था, जो होटल में टेंट लगाने का ठेका लिए नायडू के अंडर में काम करता था। वह अक्सर यहीं रहता था, घर कभी कभार ही जाता था। दो दिन पहले वह घर गया था। रविवार की सुबह वह मृत हालत में वहां मिला जहां विवाह आदि आयोजनों के लिए स्टेज बनाया जाता है। शव देख लोगों ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की मौत कैसे इसका पता नहीं चल पाया है। उसके शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान भी नहीं मिले। होटल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे पुलिस को बंद मिले। यदि वे चालू होते तो जांच में मदद मिल सकती थी। कोतवाली प्रभारी वायएस परिहार का कहना है कि संदेहास्पद मौत है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
Created On :   24 Jan 2023 4:55 PM IST