हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: 'राहुल गांधी राम मंदिर का मखौल उड़ाते हैं...', जनसभा को संबोधित करते हुए बोले अमित शाह

- अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर किया हमला
- 'राहुल गांधी राम मंदिर का मखौल उड़ाते हैं...'- अमित शाह
- हरियाणा में 5 अक्टूबर कों होंगे विधानसभा चुनाव
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हरियाणा की इन्द्री विधानसभा सीट में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 10 साल पहले हरियाणा में खर्ची और पर्ची के बगैर नौकरी नहीं मिलती थी। 10 साल पहले हरियाणा में एक जाति का विकास होता था, एक ही जिले का विकास होता था। आज हमने (भाजपा) 2 लाख युवाओं को खर्ची और पर्ची के बगैर डाकिये से लेटर भेजकर नौकरी देने का काम किया। सिर्फ रोहतक नहीं, पूरे हरियाणा का हमने विकास किया और सिर्फ एक जाति नहीं, 36 बिरादरी का काम करने का काम भाजपा की सरकार ने किया।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि पिछड़ा समाज का सबसे ज्यादा अगर किसी ने अन्याय किया है तो ये कांग्रेस पार्टी ने किया है। जवाहर लाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी तक। कांग्रेस पार्टी ने काका साहेब कालेलकर की रिपोर्ट को दबाकर रखा। मंडल कमीशन की रिपोर्ट इंदिरा गांधी ने दबाकर रखा।
हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार- अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा शर्म करो। ये हरियाणा हमारी वीर भूमि है। सेना में हर दसवां जवान। यहां की माताओं ने भेजा है। कांग्रेस ने 40 साल तक वन रैंक, वन पेंशन रोक कर रखा। हरियाणा की जनता ने 2014 में मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाया और 2015 में वन रैंक, वन पेंशन देने का काम मोदी जी ने किया।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं पूरे हरियाणा में घूमकर आ रहा हूं। हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने वाली है, हैट्रिक लगने वाला है, कमल खिलने वाला है। कांग्रेस पार्टी सिर्फ भ्रष्टाचार, जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण का काम करती है।
तुष्टिकरण का काम करती है कांग्रेस- अमित शाह
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी राम मंदिर का मखौल उड़ाते हैं। कांग्रेस को न तो अपनी संस्कृति से लेना-देना है और ना ही अपनी इतिहास से। सिर्फ इनको अपने परिवार से मतलब है। कांग्रेस गरीब, किसान और पिछड़ा वर्ग विरोधी पार्टी है।
बीजेपी नेता ने कहा कि राहुल बाबा हर रोज झूठ बोलते हैं। वो कहते हैं कि हम MSP पर कानून लाएंगे! अरे हरियाणा वालों, 10 साल कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन गेंहू और धान के अलावा किसी और फसल को कांग्रेस MSP पर खरीदती थी क्या? भाजपा सरकार ने हरियाणा में 24 फसलों को MSP पर खरीदने का निर्णय किया है। राहुल बाबा, आप बता दो। आपका एक भी राज्य ऐसा है, जो 24 फसलों को MSP पर खरीदता है? कांग्रेस पार्टी सिर्फ भ्रष्टाचार, जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण का काम करती है।
Created On :   29 Sept 2024 6:47 PM IST