महाराष्ट्र सियासत: विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को लगा बड़ा झटका, अशोक चव्हाण के बहनोई ने थामा कांग्रेस का हाथ

विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को लगा बड़ा झटका, अशोक चव्हाण के बहनोई ने थामा कांग्रेस का हाथ
  • महाराष्ट्र से बीजेपी के लिए आई बुरी खबर
  • अशोक चव्हाण के करीबी कांग्रेस में शामिल
  • नांदेड़ उपचुनाव से मजबूत हुई कांग्रेस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग द्वारा कभी भी तारीखों का ऐलान हो सकता है। इसके साथ ही राज्य नांदेड लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव होना है जो कि यहां के सांसद वसंत चव्हाण के निधन के बाद खाली हो गई थी। सभी दल इस इन चुनावों की तैयारियों में अभी से जुट गए हैं।

इस बीच राज्य के सत्ताधारी गठबंधन महायुति में शामिल बीजेपी के लिए बुरी खबर आई है। राज्य के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण के बहनोई और पूर्व सांसद भास्करराव पाटील खतगांवकर, उनकी बहन डॉ. मीनल पाटील खतगांवकर और पूर्व विधायक ओपी पोकर्णा कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। सभी ने शुक्रवार को दादर के तिलक भवन में कांग्रेस का दामन थामा।

अशोक चव्हाण के करीबियों के शामिल होने पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले का कहना है कि वह बिनी किसी पद की लालसा के ही कांग्रेस में शामिल हुए हैं। वह जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ता हैं जिनके पार्टी में आने से उन्हें खुशी हो रही है। नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव को लेकर पटोले का कहना है कि नांदेड़ में कांग्रेस संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।

पटोले का कहना है कि भास्करराव के पार्टी में आने से नांदेड़ में पार्टी का संगठन और मजबूत होगा। वहीं कांग्रेस में शामिल होने पर भास्करराव का कहना है, मुझे लगाता है कि कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद मैं घर लौट रहा हूं। कांग्रेस पार्टी ने मुझे विधायक, सांसद और मंत्री के तौर पर सेवा देने का अवसर दिया था। कुछ समय के लिए दूसरी पार्टी में रहने के बाद मैं लौट आया हूं। नाना पटोले के नेतृत्व में महाराष्ट्र में पार्टी मजबूत हुई है। इस बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को पहले से काफी ज्यादा सीटें मिलने वाली हैं।

कांग्रेस से बीजेपी में गए थे अशोक चव्हाण

बता दें कि अशोक चव्हाण लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए थे। लेकिन, इसके बाद भी कांग्रेस उन पर हमलावर नहीं हुई थी। इसकी जगह पार्टी चव्हाण को जबाव देने के लिए दूसरा तरीका निकाला। पार्टी ने उनके परिवार में ही सेंध लगा दी।

अशोक चव्हाण के बीजेपी ज्वाइन करने के बावजूद भी कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में नांदेड़ लोकसभा सीट से जीत की थी। कांग्रेस का मानना है कि इस तरह चव्हाण के करीबियों का कांग्रेस में शामिल होना चुनाव में पार्टी को फायदा पहुंचा सकता है।

Created On :   21 Sept 2024 4:00 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story