महाराष्ट्र सियासत: एकनाथ शिंदे की तबीयत में सुधार, प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी, राज्य की सियासी घटनाक्रम पर भी दिया बड़ा बयान

- महाराष्ट्र में सीएम फेस पर माथापच्ची जारी
- सियासी घटनाक्रम पर शिंदे का बड़ा बयान
- हमारे तीनों दलों में समन्वय है- शिंदे
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र में जल्द सीएम फेस का ऐलान होने वाला है। इस दौरान एकनाथ शिंदे अपने पैतृक गांव चले गए थे। ऐसे में सियासी गलियारों में चर्चा होने लगी कि शिवसेना प्रमुख बड़ी रणनीति तैयार कर रहे हैं। इस बीच सातारा में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए एकनाथ शिंदे ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मैंने अपनी मूमिका क्लियर की है। पीएम मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में सीएम का फैसला होगा। हम मजबूती से उनके साथ खड़े हैं।
हमारे तीनों दलों में समन्वय है- शिंदे
एकनाथ शिंदे की बीते दिन शनिवार को तबीयत खराब हो गई थी। शिवसेना के मुखिया एकनाथ शिंदे ने आगे कहा कि अभी मेरी तबीयत अच्छी है। मैं यहां पर आराम करने आया था। चुनाव में बहुत भाग दौड़ हो गई थी। मैंने एक में दिन 8-10 सभाएं की थी। मैंने 2-2.5 साल के कार्यकाल में कोई छुट्टी नहीं ली थी। सरकार जनता के आवाज वाली सरकार है। मेरा समर्थन सरकार के साथ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह जो कहेंगे उसे मेरा पूरा समर्थन है। हमारे तीनों दलों में समन्वय है।
विपक्ष पर साधा निशाना
शिवसेना चीफ ने कहा, "हमारी सरकार जनता की आवाज़ वाली सरकार है। हमारी सरकार ने जनता के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चालू की हैं। हमारी सरकार आम आदमी की सरकार है।" एकनाथ शिंदे ने कहा, "मैंने अपनी भूमिका क्लियर की है। PM मोदी और अमित शाह CM का फैसला लेंगे। नरेंद्र मोदी और अमित शाह भाई जो कहेंगे उन्हें हमारा समर्थन है। हमें क्या मिला यह हमारा फैसला नहीं है, जनता को क्या मिले यह हमारा फैसला है।" विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी पर निशाना साधते हुे कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने विपक्ष को विपक्ष का नेता चुनने लायक भी नहीं छोड़ा है।
सीएम पर स्थिति हो सकती स्पष्ट
गौरतलब है कि, बीते दिन शुक्रवार को कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने पैतृक गांव दारेगांव के लिए रवाना हुए थे। इससे पहले मुंबई में महायुति गठबंधन की बैठक होने वाली थी। जिसमें एकनाथ शिंदे शामिल नहीं हुए थे। ऐसे में अब माना जा रहा है कि महाराष्ट्र में नई सरकार गठन को लेकर जो फैसले किए जा रहे हैं, वह इससे खुश नहीं हैं। इधर, माना जा रहा है कि कार्यवाहक सीएम के मुंबई लौटने पर रविवार शाम तक कुछ बड़े राजनीतिक घटनाक्रम सामने आ सकते हैं। महायुति के सीएम पद को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
Created On :   1 Dec 2024 5:01 PM IST