दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: महायुति से नाराजगी के बीच दिल्ली में BJP को समर्थन देगी शिवसेना? एकनाथ शिंदे ने की पुष्टि

- दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव
- विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी को समर्थन देगी शिवसेना?
- पार्टी चीफ एकनाथ शिंदे ने मीडिया से की पुष्टि
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में डिप्टी सीएम और शिवसेना पार्टी के चीफ एकनाथ शिंदे के महायुति से नाराजगी की खबरें चर्चाओं में हैं। इस बीच दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव में एकनाथ शिंदे भाजपा को समर्थन देने के लिए राजी हो गए। इस बारे में उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखा है।
भाजपा को समर्थन देंगे एकनाथ शिंदे
इस पत्र में उन्होंने कहा, "उनकी पार्टी (शिवसेना) ने 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सभी उम्मीदवारों को सक्रिय रूप से समर्थन देने का फैसला किया है।" उन्होंने कहा, "मैंने शिवसेना दिल्ली इकाई को बीजेपी राज्य इकाई के साथ मिलकर चुनाव अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का निर्देश दिया है।" एकनाथ शिंदे ने कहा, "मेरे नेतृत्व में शिवसेना हिंदूहृदय सम्राट शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की हिंदुत्व विचारधारा का प्रतीक रही है। इस विरासत का अनुसरण करते हुए, हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के एक सक्रिय और गौरवान्वित सदस्य हैं।" मालूम हो कि महायुति सरकार में अजित पवार की एनसीपी दिल्ली में विधानसभा चुनाव में अकेले ताल ठोक रही है।
किस बात से नाराज है शिंदे?
महाराष्ट्र में बीते कुछ दिनों से चर्चाएं हैं कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे नाराज हैं। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि जिलों के मंत्री के ऐलान के लिए सीएम फडणवीस ने शिंदे की पार्टी को खास महत्व नहीं दिया। सूत्रों का कहना है कि इस बात से नाराज शिंदे सतारा जिले में अपने पैतृक गांव चले गए हैं।
बता दें, महायुति सरकार में शनिवार को महाराष्ट्र के 36 जिलों के लिए प्रभारी मंत्रियों का ऐलान किया गया था। इसके एक दिन बाद यानी 19 जनवरी को नासिक और रायगढ़ के लिए इन नियुक्तियों को रोक दिया गया था। अजित के एनसीपी से अदिति तटकरे को रायगढ़ का प्रभारी मंत्री बनाया गया था। इसके बाद शिवसेना नेता भरत गोगावाले नाराज हो गए थे। बीजेपी ने नेता गिरीश महाजन को नासिक जिले की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और गिरीश महाजन एकनाथ शिंदे से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शिंदे की चिंताओं को दूर करने के लिए दरेगांव रवाना हो गए।
Created On :   21 Jan 2025 8:04 PM IST