राष्ट्रीय: पीएम मोदी सहित इन नेताओं ने 'हिमाचल प्रदेश दिवस' की दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी राज्य के लोगों को इस खास अवसर पर बधाई दी। उन्होंने राज्य की गौरवपूर्ण संस्कृति को याद कर विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा, ''हिमाचल दिवस की राज्य के सभी लोगों को अनेकानेक शुभकामनाएं। गौरवशाली संस्कृति के लिए विख्यात इस प्रदेश के मेरे भाई-बहन अपने परिश्रम, प्रतिभा और पराक्रम के लिए जाने जाते हैं। यह विशेष अवसर आप सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और आरोग्य लेकर आए, साथ ही हमारी देवभूमि को प्रगति के पथ पर अग्रसर करे, यही कामना है।''
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिमाचल प्रदेश दिवस की राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने पोस्ट में कहा, ''अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य और लोक-संस्कृति की जीवित विरासत देवभूमि हिमाचल प्रदेश के निवासियों को ‘हिमाचल दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं। समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण इस प्रदेश के निवासी अपनी मेहनत और सहृदयता के लिए जाने जाते हैं। प्रदेशवासियों की उन्नति और समृद्धि की कामना करता हूं।''
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी हिमाचल प्रदेश दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं का संगम देवभूमि हिमाचल प्रदेश के स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आशा करता हूं कि यह प्रदेश हमेशा प्रगति की राह पर बढ़ता रहे।''
राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी हिमाचल प्रदेश दिवस के मौके पर राज्य के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा, ''जनसेवा ही हमारा संकल्प है और जनकल्याण ही हमारा पथ। हम सब मिलकर हिमाचल प्रदेश को सशक्त, आत्मनिर्भर, समृद्ध और प्रगतिशील राज्य के रूप में नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लेते हैं।''
उन्होंने आगे कहा कि इस गौरवपूर्ण अवसर पर आप सभी को हिमाचल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं शुभेच्छाएं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 April 2025 1:28 PM IST