राजनीति: रांची में फ्लाईओवर रैंप विवाद ने तूल पकड़ा, आदिवासी संगठनों ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

रांची में फ्लाईओवर रैंप विवाद ने तूल पकड़ा, आदिवासी संगठनों ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका
झारखंड की राजधानी रांची शहर के सिरमटोली में आदिवासियों के धार्मिक महत्व वाले ‘सरना स्थल’ के पास फ्लाईओवर रैंप के निर्माण का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। रविवार शाम आदिवासी महिला-पुरुषों ने रैंप हटाने की मांग को लेकर शहर के जयपाल सिंह स्टेडियम से जुलूस निकाला और अल्बर्ट एक्का चौक पर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला भी फूंका।

रांची, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची शहर के सिरमटोली में आदिवासियों के धार्मिक महत्व वाले ‘सरना स्थल’ के पास फ्लाईओवर रैंप के निर्माण का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। रविवार शाम आदिवासी महिला-पुरुषों ने रैंप हटाने की मांग को लेकर शहर के जयपाल सिंह स्टेडियम से जुलूस निकाला और अल्बर्ट एक्का चौक पर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला भी फूंका।

इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो दोनों ओर से काफी देर तक धक्कामुक्की हुई। प्रदर्शन के कारण रांची मेन रोड पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री सोरेन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस मुद्दे पर 22 मार्च को 40 से ज्यादा आदिवासी संगठनों के आह्वान पर रांची बंद रही थी।

सिरमटोली में आदिवासियों के धार्मिक महत्व का सबसे बड़ा सरना स्थल है, जहां हर साल उनके सबसे बड़े त्योहार सरहुल के मौके पर रांची और आस-पास के इलाकों से निकाली जाने वाली विशाल शोभायात्राओं का समागम होता है। विरोध कर रहे आदिवासी संगठनों का कहना है कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर का रैंप ‘सरना स्थल’ के पास बना दिए जाने से सरहुल सहित अन्य धार्मिक आयोजन प्रभावित होंगे। रैंप बनाए जाने से सरना स्थल तक जाने वाली जगह छोटी पड़ गई है। यह उनकी आस्था और परंपराओं पर आघात है।

आदिवासी संगठनों के विरोध को देखते हुए जिला प्रशासन ने पिछले महीने निर्माणाधीन रैंप को छोटा करने का निर्णय लेते हुए इसका एक बड़ा हिस्सा तुड़वा दिया था, लेकिन आंदोलन करने वाले लोग फ्लाईओवर के रैंप को पूरी तरह हटाने की मांग पर अड़े हैं।

प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहीं झारखंड की पूर्व मंत्री गीताश्री उरांव ने कहा कि खुद को “अबुआ सरकार” (अपनी सरकार) कहने वाली हुकूमत राज्य के आदिवासियों की भावनाओं को कुचल रही है। रैंप निर्माण का विरोध करने पर हम लोगों पर मुकदमा किया गया, लेकिन इससे हम डरने वाले नहीं हैं।

प्रदर्शनकारियों के तल्ख तेवर को देखते हुए प्रशासन ने अल्बर्ट एक्का चौक को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया था। रांची के डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा सहित शहर के कई थानों के प्रभारी और अधिकारी चौक के पास मौजूद रहे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 April 2025 8:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story