राष्ट्रीय: मछुआरा समाज के छात्रों को मुफ्त में पढ़ाएगी पुडुचेरी सरकार, मुख्यमंत्री ने की घोषणा

पुडुचेरी, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी ने बुधवार को मछुआरा समाज के लिए बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने मछुआरा समाज की भलाई के लिए छात्रों की पढ़ाई का खर्च उठाने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि इसमें जितना भी खर्च आएगा, वह पुडुचेरी सरकार उठाएगी और खर्च को वहन करने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया है। जल्द ही धरातल पर इसका लाभ दिखने लगेगा।
मुख्यमंत्री रंगास्वामी ने यह घोषणा ईस्ट कोस्ट रोड स्थित पेरुनथलैवर कामराज मणिमंडपम में आयोजित प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के शुभारंभ समारोह के दौरान की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में मछुआरा समुदाय के जीवन स्तर को सुधारने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी दिशा में पुडुचेरी सरकार भी मछुआरों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मछुआरा समुदाय के विद्यार्थियों को शिक्षा में कोई बाधा न हो, इसके लिए उनकी फीस का बोझ सरकार उठाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि मत्स्य संपदा योजना के तहत मछली पकड़ने की आधुनिक तकनीक, बर्फ संयंत्र, कोल्ड स्टोरेज, और बाजार सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे मछुआरों की आमदनी में इजाफा होगा।
मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार उनके सतत विकास और भलाई के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस समारोह का आयोजन पुडुचेरी सरकार के मत्स्य और मछुआरा कल्याण विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मत्स्य राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा मत्स्य विकास योजनाओं का उद्घाटन किया गया और मछुआरों को विभिन्न प्रकार की कल्याणकारी सहायता भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर पुडुचेरी के उपराज्यपाल कैलाशनाथन, मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी, विधानसभा अध्यक्ष सेल्वम, राज्य सरकार के मंत्रीगण, मत्स्य विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में मछुआरे शामिल हुए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 April 2025 9:18 PM IST