राष्ट्रीय: सुभाषचंद्र बोस जयंती जबलपुर की सेंट्रल जेल में दो बार कैद कर रखे गए थे नेताजी, आज भी संरक्षित हैं कई यादें
जबलपुर, 23 जनवरी (आईएएनएस)। देश की आजादी की लड़ाई में अहम भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की गुरुवार को 128वीं जयंती मनाई जा रही है। इस अवसर पर हर एक देशवासी उन्हें याद कर रहा है। आइए जानते हैं नेताजी की 128वीं जयंती पर उनके जीवन से जुड़े कुछ रोचक किस्से।
दरअसल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जन्म 23 जनवरी 1897 को ओडिशा के कटक शहर में हुआ था। वह भारत के महान स्वतंत्रता सेनानियों में से एक थे, जिन्हें ब्रिटिश हुकूमत ने कई बार गिरफ्तार भी किया। उन्हें गिरफ्तार कर मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्थित सेंट्रल जेल में रखा गया था। इस जेल में नेताजी के नाम से एक वार्ड मौजूद है, जहां उनसे जुड़ी हुई यादों को संजोकर रखा गया है।
जबलपुर सेंट्रल जेल के अधीक्षक अखिलेश तोमर ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि सेंट्रल जेल को 1854 में बनाया गया था। देश की आजादी की लड़ाई में अहम भूमिका निभाने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस को इस जेल में दो बार कैद करके रखा गया था। उन्हीं की याद में जेल में जयंती मनाई जाती है और कैदी भी इसमें शामिल होते हैं।
उन्होंने कहा, "23 जनवरी का दिन हमारी जेल के लिए काफी खास होता है। इस दिन नेताजी के विचारों को याद किया जाता है और अच्छा व्यवहार रखने वाले कैदियों की सजा भी माफ की जाती है। उनके नाम पर एक वार्ड भी जेल में मौजूद है, जहां उनके बारे में हर एक जानकारी भी उपलब्ध है।"
बता दें कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस को 22 दिसंबर 1931 को जबलपुर की जेल में रखा गया था। इसके बाद उन्हें 16 जुलाई 1932 को यहां से मुंबई की जेल में ट्रांसफर कर दिया गया था। हालांकि, अंग्रेजों ने नेताजी को 18 फरवरी 1933 को फिर जबलपुर जेल में रखा और इसके बाद उन्हें 22 फरवरी 1933 को मद्रास भेज दिया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Jan 2025 6:44 PM IST