Breaking News: आज की बड़ी खबरें 20 मार्च 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें
Live Updates
- 21 March 2025 1:09 AM IST
जर्मनी ने 13 साल बाद दमिश्क में दोबारा अपना दूतावास खोला
जर्मनी ने 13 साल बाद दमिश्क में अपना दूतावास दोबारा खोल दिया है। सीरियाई मीडिया ने गुरुवार को यह जानकारी दी। जर्मन विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक की यात्रा के दौरान दूतावास खोला गया।
- 21 March 2025 1:09 AM IST
एमसीए ने दिलीप वेंगसरकर, डायना एडुल्जी को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने गुरुवार को दिग्गज क्रिकेटर दिलीप वेंगसरकर और डायना एडुल्जी को खेल में उनके असाधारण योगदान के लिए प्रतिष्ठित लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया।
- 21 March 2025 1:09 AM IST
पंजाब के अमृतसर में मंदिर पर हमला करने वाला दूसरा आरोपी गिरफ्तार
पंजाब के अमृतसर के ठाकुरद्वारा सनातन धर्म मंदिर में शुक्रवार-शनिवार की रात हुए बम धमाके के मामले में गुरुवार को कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने मंदिर पर हमला करने वाले दूसरे आरोपी विशाल उर्फ चुई को गिरफ्तार कर लिया है।
- 21 March 2025 12:44 AM IST
मध्य प्रदेश इंदौर में जन औषधि केंद्र से लाभान्वित हो रहे लोग
केंद्र सरकार की तरफ से आम जनमानस को ध्यान में रखकर कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री जन औषधि योजना इनमें से एक है, जिससे लोगों को सस्ते दर में जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध हो रही हैं। मध्य प्रदेश के इंदौर के निवासी भी इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।
- 21 March 2025 12:08 AM IST
मुंबई एयरपोर्ट पर ब्राजीलियाई नागरिक से कोकीन बरामद
मुंबई एयरपोर्ट पर नारकोटिक्स (मादक पदार्थ) की तस्करी के खिलाफ गुरुवार को एक बड़ी सफलता हासिल हुई। मुंबई के डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) के अधिकारियों ने एक ब्राजीलियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो अवैध रूप से कोकीन की तस्करी कर रहा था।
- 20 March 2025 11:42 PM IST
दुनिया में आईपीएल का स्टैंडर्ड बहुत ऊंचा - अनिल चौधरी
आईपीएल की शुरुआत से पहले जाने-माने क्रिकेट अंपायर अनिल चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि दुनिया में आईपीएल का स्टैंडर्ड बहुत ऊंचा है। साथ ही उन्होंने कहा कि चार विदेशी खिलाड़ियों की वजह से टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा बहुत बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि आईपीएल का स्टैंडर्ड दुनिया में बहुत ऊंचा है। आप सबसे ज्यादा कांटे के मैच आईपीएल में देखते हैं। आईपीएल की टीमों में जो चार विदेशी खिलाड़ियों को रखा जाता है, उससे टीम का बैलेंस इतना अच्छा हो जाता है कि कभी-कभी सारी टीमें बराबर हो जाती हैं। इसलिए टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा बहुत बढ़ जाती है।
- 20 March 2025 11:24 PM IST
भारत ने साल 2036 में आयोजित होने वाले समर ओलंपिक्स के लिए पेश की बोली
भारत ने साल 2036 में अहमदाबाद में आयोजित होने वाले समर ओलंपिक्स की मेजबानी के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए गुरुवार 20 मार्च को बोली प्रस्तुत की है।
- 20 March 2025 11:21 PM IST
जयशंकर ने बोलीविया की विदेश मंत्री से की मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया की विदेश मंत्री सेलिंडा सोसा लुंडा से गुरुवार को मुलाकात कर द्विपक्षीय सहयोग पर व्यापक चर्चा की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी।
- 20 March 2025 11:01 PM IST
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने जिलाध्यक्षों के नामों का किया ऐलान
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। राज्य के सभी 75 जिलों के लिए गुरुवार को जिला अध्यक्षों की घोषणा की गई है और इसके साथ ही महानगर अध्यक्षों के नामों का भी ऐलान कर दिया गया है। कांग्रेस ने राजधानी लखनऊ में जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी रुद्र दमन सिंह को सौंपी है। इसके अलावा, बस्ती में जिला अध्यक्ष का पद विश्वनाथ चौधरी को सौंपा गया है। बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए भी कांग्रेस ने नए जिलाध्यक्ष नियुक्त किए हैं, जिनमें झांसी में देशराज रिछारिया, ललितपुर में दया राम रजक, जालौन में अरविंद सेंगर और महोबा में संतोष धुरिया शामिल हैं।
- 20 March 2025 10:40 PM IST
नागपुर हिंसा में पाकिस्तान-बांग्लादेश के एजेंटों का हाथ - बालमुकुंद आचार्य
राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी के विधायक बालमुकुंद आचार्य ने नागपुर हिंसा मामले पर गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश के एजेंट भारत में बैठकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। भाजपा विधायक का आरोप है कि ये विदेशी एजेंट अपने साथियों के माध्यम से स्थानीय मुसलमानों को उकसाते हैं, जबकि स्थानीय मुसलमानों का उद्देश्य हमेशा शांति बनाए रखना है और वे नहीं चाहते कि देश में अमन-चैन बिगड़े।
Created On :   20 March 2025 8:00 AM IST