Breaking News: आज की बड़ी खबरें 19 मार्च 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें
Live Updates
- 19 March 2025 10:22 PM IST
इसमें आश्चर्य की बात क्या है? लालू यादव से ईडी की पूछताछ पर बोले डिप्टी सीएम सिन्हा
जमीन के बदले नौकरी घोटाले में राजद अध्यक्ष लालू यादव के ED के सामने पेश होने पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "इसमें आश्चर्य की बात क्या है? जिन लोगों ने भ्रष्टाचार को सदाचार बनाया, बिहार की जनता को जातीय उन्माद में फंसाकर खुद संपत्ति के मालिक बने, ऐसे लोगों के साथ संवैधानिक संस्था पूछताछ कर रही है तो इसमें आश्चर्य की बात क्या है?"
- 19 March 2025 10:18 PM IST
हीटवेव से बचाव के लिए कराएं पुख्ता इंतजाम, जागरूकता भी बढ़ाएं - मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लाल बहादुर शास्त्री भवन में हीटवेव प्रबंधन को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। हीटवेव के कारण होने वाली घटनाओं को लेकर तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने हीटवेव को लेकर विशेषतौर पर सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
- 19 March 2025 9:59 PM IST
क्यूबा के डिप्टी पीएम से मिले विदेश मंत्री एस. जयशंकर
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने दिल्ली में क्यूबा के उप प्रधानमंत्री डॉ. एडुआर्डो मार्टिनेज से मुलाकात की। विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ट्वीट किया, "हमारे विकास सहयोग, विशेष रूप से स्वास्थ्य और पारंपरिक चिकित्सा पर चर्चा हुई।"
- 19 March 2025 9:37 PM IST
खरगे ने बंगाल कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में पश्चिम बंगाल कांग्रेस नेताओं की बैठक की अध्यक्षता की। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और पार्टी सांसद राहुल गांधी भी मौजूद रहे।
- 19 March 2025 9:21 PM IST
राहुल गांधी और खरगे से मिले बिहार कांग्रेस के नए अध्यक्ष
बिहार कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष राजेश कुमार ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।
- 19 March 2025 9:01 PM IST
बीजेपी को कांग्रेस की नीतियां पसंद - कर्नाटक डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा, "वे (भाजपा) हमेशा कांग्रेस की नीतियों का विरोध करते हैं, लेकिन उन्हें कांग्रेस की नीतियां पसंद हैं, और वे उनका पालन करेंगे। उन्हें कांग्रेस के सिद्धांत पसंद हैं, वे इसका आनंद लेते हैं।"
कर्नाटक सरकार द्वारा अनुबंधों में 4% अल्पसंख्यक कोटा को मंजूरी दिए जाने पर उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी यह देखना चाहती है कि समाज के हर वर्ग का सम्मान किया जाए। हम चाहते हैं कि जो लोग वंचित हैं, उनका आर्थिक उत्थान हो, यही हमारा इरादा है।"
- 19 March 2025 8:50 PM IST
बीजेपी का प्रकोष्ठ बनकर काम कर रहीं जांच एजेंसियां - आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी
राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने जमीन के बदले नौकरी घोटाले में राजद अध्यक्ष लालू यादव के ED के सामने पेश होने पर कहा, "बिहार में इस वर्ष चुनाव है और यह सभी को पता है कि भाजपा बौखलाई हुई है। जितनी भी जांच एजेंसियां हैं वह भाजपा का प्रकोष्ठ बनकर काम कर रही हैं। जिस मामले को रेलवे विभाग ने खत्म कर दिया, CBI ने खत्म कर दिया, उस मामले को फिर उठाया जा रहा है। 16 वर्षों के बाद भी किस तरह से प्रताड़ना की जा रही है और यह किसके इशारे पर किया जा रहा है, यह सबको मालूम है। चाहें वे लाख प्रयास कर लें इस बार बिहार की जनता भाजपा और डबल इंजन सरकार को सबक सिखाएगी। जनता की अदालत में हमारे विरोधियों को पाई-पाई का हिसाब देना पड़ेगा।"
- 19 March 2025 8:42 PM IST
महाराष्ट्र के राज्यपाल ने राजभवन में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री का किया स्वागत
महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने बुधवार को राजभवन में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के सम्मान में विशेष दोपहर भोज का आयोजन किया।
- 19 March 2025 8:26 PM IST
जनता को कानून व्यवस्था के साथ खड़े होना चाहिए, नागपुर हिंसा पर बोले राजीव रंजन
JD(U) नेता राजीव रंजन प्रसाद ने नागपुर हिंसा पर कहा, "सियासत तो होती रहेगी लेकिन नागपुर की जनता को सियासत में उलझने के बजाय, कानून व्यवस्था के साथ खड़े होना चाहिए। उन्हें अमन के साथ, शांति के साथ दिखना चाहिए। यदि वे ऐसा करेंगे तो नि:संदेह नागपुर की जो परंपरा रही है वह कायम रहेगी। पिछले 100 वर्षों के इतिहास में वहां ऐसी घटनाएं नहीं हुईं। उस परंपरा को बरकरार रखने की जिम्मेदारी नागपुर के लोगों की है।"
- 19 March 2025 7:50 PM IST
महिला डिप्टी जेलर मीना का जेल अधीक्षक उमेश पर शोषण और भ्रष्टाचार का आरोप
उत्तर प्रदेश के वाराणसी के जिला जेल में तैनात डिप्टी जेलर मीना कन्नोजिया ने जेल अधीक्षक उमेश सिंह पर प्रताड़ना, शोषण और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि हमने थाने में उनके खिलाफ शिकायत भी की है।
Created On :   19 March 2025 7:59 AM IST