राजनीति: 1990 से 2005 तक बिहार केवल हत्या और अपहरण के लिए जाना जाता था संजय जायसवाल

1990 से 2005 तक बिहार केवल हत्या और अपहरण के लिए जाना जाता था  संजय जायसवाल
भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने बिहार की खराब स्थिति के लिए पूर्व की लालू सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि बिहार में 1990 से 2005 तक एक ऐसा शासन आया, जिसने बिहार को 1947 की स्थिति में पहुंचाने का काम किया।

नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने बिहार की खराब स्थिति के लिए पूर्व की लालू सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि बिहार में 1990 से 2005 तक एक ऐसा शासन आया, जिसने बिहार को 1947 की स्थिति में पहुंचाने का काम किया।

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "बिहार के लिए आज बहुत ही खुशी का दिन है। मैं बताना चाहूंगा कि ओडिशा से अलग होकर बिहार बना था और विगत वर्षों में बिहार तरक्की कर रहा है। लेकिन, हमारे साथ सबसे बड़ा दुर्भाग्य यह रहा है कि कभी बिहार और उत्तर प्रदेश इस देश के सबसे ज्यादा विकसित हिस्से थे। पहले मुगलों ने और फिर अंग्रेजों ने सिस्टेमेटिक ढंग से इन प्रदेशों को खत्म किया। बिहार के साथ सबसे बड़ी ट्रेजेडी यह रही कि 1990 से 2005 तक एक ऐसा शासन आया, जिसने बिहार को 1947 की स्थिति में पहुंचा दिया। बिहार केवल हत्या और अपहरण के लिए ही जाना जाता था।"

उन्होंने आगे कहा, "नीतीश कुमार के समय में बिहार पुनः वापस तरक्की के रास्ते पर है और जिस तरह से प्रधानमंत्री मोदी का सहयोग मिल रहा है, मुझे उम्मीद है कि बिहार जल्द ही नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।"

संजय जायसवाल ने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "अगर इस राजनीति में कोई सबसे अयोग्य है, तो वह तेजस्वी यादव हैं, जिनके पिता और माता दोनों मुख्यमंत्री थे और उनके पिता पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष भी थे। वह लड़का अगर 10वीं भी पास नहीं कर पाया है तो उससे अधिक अयोग्य कौन होगा।"

उन्होंने तनिष्क शोरूम लूट कांड का जिक्र करते हुए कहा, "बिहार में जब भी अपराध हुआ तो उसे पकड़कर सजा दिलाई गई है। शुक्रवार रात को तनिष्क शोरूम लूट कांड को सुलझाया गया है और उसके अपराधी का भी एनकाउंटर किया गया है। उनके (विपक्ष) राज में यह जरूर होता था कि न पुलिस एफआईआर करती थी और न ही किसी की हिम्मत होती थी। आज जो भी अपराध करता है, उसे सजा निश्चित तौर पर मिलती है।"

संजय जायसवाल ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "एमके स्टालिन अच्छी तरह से जानते हैं कि वो चुनाव हार रहे हैं, जो भी विकास हुआ है, वो एमजी रामचंद्रन और जयललिता के समय में हुआ है। आज तमिलनाडु में जो सरकार है, उसके खिलाफ जनता में आक्रोश है। उसी आक्रोश को बांटने के लिए वह जनता का ध्यान विकास पर नहीं जाए, इसके लिए वह कभी भाषा का मुद्दा उठाते हैं तो कभी परिसीमन का मुद्दा उठाते हैं। अभी जनगणना शुरू भी नहीं हुई है, तो इस समय परिसीमन की बात करना बताता है कि केवल इसको चुनाव के हथियार के रूप में उपयोग करना चाहते हैं। मुझे लगता है कि वह सिर्फ चुनाव की वजह से मुद्दे को तूल दे रहे हैं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 March 2025 2:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story