लोकसभा चुनाव 2024: दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर भाजपा की होगी जीत, 'आप' का नहीं खुलेगा खाता गृह मंत्री अमित शाह

दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर भाजपा की होगी जीत, आप का नहीं खुलेगा खाता  गृह मंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एनडीटीवी के एडिटर इन चीफ संजय पुगलिया के साथ खास बातचीत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। जबकि, आम आदमी पार्टी और इंडी गठबंधन का खाता भी नहीं खुलेगा।

नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एनडीटीवी के एडिटर इन चीफ संजय पुगलिया के साथ खास बातचीत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। जबकि, आम आदमी पार्टी और इंडी गठबंधन का खाता भी नहीं खुलेगा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जेल जाने के सवाल पर अमित शाह ने कहा कि मैंने तो पहले भी कहा था कि केजरीवाल जहां-जहां प्रचार करने जाएंगे, वहां लोगों को उनकी जगह शराब की एक बड़ी बोतल दिखाई देगी। शराब घोटाला उनके पल्ले चिपकता ही रहेगा। अगर केजरीवाल के जेल जाने का असर पड़ना होता तो ये सबसे ज्यादा दिल्ली में दिखता। अब दिल्ली के चुनाव हो चुके हैं। मैं अब आपको बता सकता हूं कि दिल्ली में सात की सात सीटें भारतीय जनता पार्टी अच्छे बहुमत के साथ जीतकर आ रही है। दिल्ली में एक भी सीट पर आम आदमी पार्टी का खाता नहीं खुलेगा।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक एटीएम हैं? इस सवाल पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि जिस प्रकार से आम आदमी पार्टी का अल्प समय में कामकाज करने का तरीका रहा है, उसमें इन पर दिल्ली में कई आरोप लगे हैं। पंजाब एक पूर्ण राज्य है, जबकि दिल्ली एक यूटी है। पंजाब में ज्यादा अवकाश होता है। भगवंत मान का रोल सिर्फ अरविंद केजरीवाल के साथ दुनिया भर में घूमने का है। जिसका बिल पंजाब सरकार चुकाती है।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "पहली बार 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के नारे के साथ निकली, तब भी दिल्‍ली के सभी राजनीतिक पंडितों का यह आकलन था कि ये हो नहीं सकता। मगर हमें पूर्ण बहुमत मिला। साल 2019 में हम 300 प्‍लस सीटों के नारे के साथ निकले, तब भी लोग कहते थे कि ये नहीं हो सकता है। आज भी लोग कह रहे हैं। मुझे लगता है कि अगले चुनाव में लोग सब सच मानेंगे, क्योंकि इस बार 400 पार होने वाला है।"

लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन पर बात करते हुए अमित शाह ने कहा कि इस बार हम पश्चिम बंगाल में भी अच्छी खासी बढ़ोतरी करेंगे। हमें वहां 24 से 30 सीटें मिल सकती हैं। ओडिशा में 17 लोकसभा और 75 विधानसभा सीट जीतने का हमारा लक्ष्य तय है। तेलंगाना में भी हम 10 के आसपास सीटें जीतेंगे। आंध्र प्रदेश में हमारे गठबंधन की सरकार बनने जा रही है और यहां पर भी बड़ी संख्या में एनडीए लोकसभा सीटें निकालने जा रही है। हम पूर्व जोन में बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा में सबसे बड़ा दल बनकर निकलेंगे और दक्षिण के पांच राज्यों में कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश में भाजपा सबसे ज्यादा सीटें जीतने जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 May 2024 12:15 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story