अडाणी स्टॉक्स: भाजपा की 3 राज्यों में जीत के बाद गौतम अडाणी की कंपनियों पर बढ़ा निवेशकों का भरोसा, शेयरों में आया जबरदस्त उछाल

भाजपा की 3 राज्यों में जीत के बाद गौतम अडाणी की कंपनियों पर बढ़ा निवेशकों का भरोसा, शेयरों में आया जबरदस्त उछाल
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद आया था शेयरों में भूचाल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा की शानदार जीत के बाद देश के बड़े उद्योगपति गौतम अडाणी एक बार फिर से चर्चा में हैं। कारण है, अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में भारी तेजी। जिसके बाद उनकी संपत्ति में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। देखा जाए तो, भाजपा की जीत के बाद अडाणी ग्रुप पर निवेशकों भरोसा बढ़ा है। हालांकि, इसका एक और बड़ा कारण है हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पर यूएस गवर्मेंट का बयान।

आपको बता दें कि, इस साल की शुरुआत में अडानी ग्रुप को लेकर अमेरिकी शॉर्ट सेलर फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पब्लिश सामने आई थी। जिसमें अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में हेर-फेर और ग्रुप पर भारी कर्ज के आरोप लगाए गए थे। वहीं अब हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में सच्चाई ना होने की बात सामने आ रही है।

हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पर यूएस गर्वर्मेंट ने क्या कहा?

अडाणी ग्रुप के आरोपों वाली हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पर यूएस गर्वर्मेंट ने कहा है कि, गौतम अडानी के खिलाफ कॉर्पोरेट धोखाधड़ी के आरोप प्रासंगिक नहीं थे। यही नहीं इससे श्रीलंकाई टर्मिनल के लिए 553 मिलियन डॉलर तक अनुदान देने के अमेरिकी फैसले पर कोई असर नहीं पड़ा। आपको बता दें कि, इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने भी हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को पूरी तरह सच नहीं मानने की बात कही थी।

हिंडनबर्ग रिपोर्ट से आया था अडाणी के शेयरों में भूचाल

साल 2023 की शुरुआत में 24 तारीख को जब अडानी ग्रुप को लेकर अमेरिकी शॉर्ट सेलर फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आई तो अडाणी ग्रुप के शेयरों में मानो भूचाल आ गया था। रिपोर्ट के जारी होने के महज दो महीने में ही ग्रुप को 60 अरब डॉलर का भारी नुकसान हुआ था और अडाणी स्टॉक्स भी 85 फीसदी तक टूट गए थे।

अडाणी ग्रुप के शेयर आसमान में

यहां यह जानना जरूरी है कि, विपक्षी दल कांग्रेस हमेशा हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर गौतम अडाणी पर कार्रवाई की मांग करता रहा है। वहीं तेजी से बढ़ते अडाणी ग्रुप को कई बार भाजपा सरकार की मेहरबानी बताया गया है। ऐसे में अब जब भाजपा की सरकार तीन राज्यों में शानदार जीत के साथ आई तो अडाणी ग्रुप के शेयर भी झूम उठे। माना जा रहा है कि, भाजपा की जीत और यूएस गवर्मेंट का हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पर बयान के बाद अडाणी ग्रुप के शेयरों में आई भारी तेजी की वजह है।

अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर हवा में

आज अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर 17.03 प्रतिशत या 430.80 रुपए की बढ़त के साथ 2960.10 पर बंद हुआ। वहीं अडानी पोर्ट का शेयर 15.15 फीसदी या 133.10 रुपए बढ़कर 1011.85 रुपए पर बंद हुआ। अडानी पावर का शेयर 15.91 फीसदी या 73.90 रुपये बढ़कर 538.50 पर बंद हुआ। जबकि, अडानी एनर्जी का शेयर 20 फीसदी के अपर सर्किट या 180.40 रुपए बढ़कर 1082.60 पर बंद हुआ। इसी तरह अडानी ग्रीन का शेयर 20 फीसदी या 224.65 रुपए बढ़कर1348 पर बंद हुआ। वहीं अडानी टोटल का शेयर 19.95 फीसदी या 146.05 रुपए बढ़कर 878.20 रुपए पर बंद हुआ। इसके अलावा अडानी विल्मर का शेयर भी 9.93 फीसदी या 34.40 रुपए बढ़कर 380.70 रुपए पर बंद हुआ।

Created On :   5 Dec 2023 11:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story