- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- कटनी
- /
- उफनाते नाला में बहा लड़का, दो दिन...
उफनाते नाला में बहा लड़का, दो दिन बाद लाश का पता नहीं

डिजिटल डेस्क,उमरियापान/कटनी। उमरियापान थाना क्षेत्र के देवरी मंगेला और बिछिया के बीच बहने वाले कटकहरी नाला में बरौदा निवासी दुर्गेश पिता केशलाल कोल (15) बह गया। जिसकी दूसरे दिन भी लाश नहीं मिल पाई थी। घटना पिछली शाम लगभग चार बजे की बताई गई है। इन दिनों बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित होती है। ऐसा ही कुछ दुर्गेश के साथ भी हुआ।
दोस्तों के साथ गया था
जानकारी के अनुसार दुर्गेश अपने 5-6 दोस्तों के साथ कटकहरी नाला में नहा रहा था। अन्य मित्रों की तरह उसने जैसे ही नाला में छलांग लगाई तो पानी के तेज बहाव में बह गया। पहले तो उसके दोस्तों ने समझा कि वह तैर कर बाहर आ जाएगा लेकिन जब काफी देर तक दुर्गेश का पता नहीं चला तब उसके साथी दौड़कर गांव पहुंचे और दुर्गेश के परिजनों को जानकारी दी। तब तक शाम हो चुकी थी। स्थानीय लोगों की मदद से किशोर को खोजने का प्रयास किया एवं पुलिस को भी सूचना दी। उमरियापान थान से पहुंचे पुलिस बल ने ग्रामीणों की मदद से नाला में बहे किशोर को खोजने का प्रयास किया पर सफलता नहीं मिली। तब बाढ़ नियंत्रण कक्ष कटनी को सूचना दी गई। यहां से सोमवार को पहुंची आपदा प्रबंधन दल के गोताखोरों में नाला में लगभग सात किलोमीटर दूर से पानी में डूबे किशोर की खोजबीन की लेकिन दूसरे दिन भी कहीं पता नहीं चला।
बुझ गया कुल दीपक
जैसे ही दुर्गेश के नाला में बहने की खबर उसके घर तक पहुंची, पिता की आंखें पथरा गईं और मां व बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। दो दिन से उसके घर में कोहराम मचा है और रविवार की शाम से घर में चूल्हा भी नहीं जला।
इनका कहना है
कटकहरी नाला में किशोर के बहने की सूचना पर तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। होमगार्ड के सात सदस्यीय दल द्वारा सुबह से किशोर को खोजने का अभियान चलाया गया। गोताखोरों ने नाला में करीब सात किलोमीटर तक खोजबीन की पर सफलता नहीं मिली, अब फिर से बालक को खोजने का अभियान चलाया जाएगा।
-जी.पी. सुरैया थाना प्रभारी उमरियापान
Created On :   27 Aug 2019 1:44 PM IST