- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- कटनी
- /
- चैकिंग का भय दिखाकर महिला के जेवरात...
चैकिंग का भय दिखाकर महिला के जेवरात ले गए चोर

डिजिटल डेस्क कटनी। मास्क और पुलिस चैकिंग का भय दिखाकर तीन बदमाश महिला के हाथों से सोने की कंगन उतरवाते हुए पार कर दिए। पीडि़त को जब तक जानकारी लग पाती, तब तक आरोपी मोटरसाइकिल से खिरहनी फाटक की तरफ निकलते हुए चंपत हो गए। शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपी के विरुद्ध 420 का मामला दर्ज कर लिया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रबर फैक्ट्री रोड स्थिति बजाज परिसर के समीप का है। रोजाना की तरह महिला श्रीमति ज्योति लक्ष्मी परियानी निवासी दुबे कॉलोनी अपनी बेकरी की दुकान में बैठकर सामग्री बेच रही थी। सुबह साढ़े दस बजे एक बाइक से दो युवक पहुंचे। ग्राहक बनकर कापी और पेन खरीदे। इसके बाद महिला को मॉस्क चेकिंग में पुलिस का भय दिखाये और एक कागज का टुकड़ा देते हुए उसमें सोने की चूडिय़ां रखने की बात कहे। महिला कुछ समझ पाती। इसी बीच तीसरा बदमाश अलग बाइक से उक्त दुकान पर हेल्मेट लगाए पहुंचा। यहां पर बदमाशों ने उस युवक से भी चेकिंग की बात कही। जिसके बाद वह युवक अंगूठी उतारकर पहले से खड़े अपने दो साथियों को दे दिया। साथियों ने अंगूठी को कागज की पुडिय़ा में रखा और उक्त युवक को वापस कर दिया। महिला यह देखकर झांसे में आ गई और उसने भी दोनों हाथों से सोने की चूडिय़ां उतारते हुए बदमाशों के द्वारा दिए गए कागज की पुडिय़ा में रख दी। बदमाश चूडिय़ों को कागज में लपटेने के बहाने उठा लिए और लपेटते हुए महिला को वापस करते हुए यहां से आनन-फानन में निकले। महिला जब तक कागज की पुडिय़ा खोल पाती, तब तक आरोपी खिरहनी फाटक की तरफ निकल गए थे। महिला ने जैसे ही पुडिय़ा खोली। उसके अंदर प्लास्टिक के टुकड़े निकले। महिला ने शोर-शराबा मचाकर आसपास के लोगों की मदद भी मांगी, लेकिन तब तक आरोपी यहां से भाग गए थे।
इनका कहना है-
तीनों आरोपी करीब 50 हजार रुपये की चूडिय़ां पार कर दिए। महिला की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला कायम करते हुए पतासाजी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
-आर.सी. शुक्ला, विवेचना अधिकारी
Created On :   13 Nov 2021 5:58 PM IST