- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अहमदनगर
- /
- सुजय विखे के माध्यम से कांग्रेस पर...
सुजय विखे के माध्यम से कांग्रेस पर कर डाली सर्जिकल स्ट्राइक : फडणवीस

डिजिटल डेस्क, अहमदनगर। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सुजय विखे के माध्यम से कांग्रेस पर सर्जिकल स्ट्राइक की गई। जिसने कांग्रेस को हिलाकर रख दिया। इसलिए पूरा विश्वास है कि अहमदनगर दक्षिण और शिरडी दोनों पर भारी मतों से बीजेपी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि कभी-कभी चुनाव में सर्जिकल स्ट्राइक का निर्णय भी लेना पड़ता है। इस बार डॉ. विखे के माध्यम से यह सर्जिकल स्ट्राइक की गई और कांग्रेस को भारी झटका लगा। केवल नरेंद्र मोदी ही इसे कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद और सुरक्षा क्या है, यह बताने वाले मोदी के साथ महाराष्ट्र खड़ा रहेगा। केंद्र और राज्य सरकार के माध्यम से अधिक महत्वपूर्ण कुकड़ी, नीलवंडे जल परियोजनाओं के लिए आवश्यक वित्त पोषण दिए जाने से काम तेजी से शुरू हो गया है। सीएम ने विश्वास जताया कि आने वाले कुछ दिनों में इस क्षेत्र का ग्रामीण भाग सुजलाम होगा। टिकट काटे जाने पर सांसद दिलीप गांधी द्वारा दुख व्यक्त किए जाने पर फडणवीस ने मरहम लगाते हुए कहा कि उनका कार्य अच्छा रहा है। लेकिन, पार्टी के हित के लिए कुछ फैसले लेने पड़ते हैं। लेकिन सांसद गांधी को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, पार्टी कुछ फैसला जरूर करेगी।
राधाकृष्ण विखे पाटिल का भाजपा प्रवेश केवल अफवाह
पुत्र सुजय विखे के भाजपा में प्रवेश करने के बाद शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में राधाकृष्ण विखे पाटिल के अपने समर्थक विधायकों के साथ भाजपा में प्रवेश किए जाने की राजनीतिक हलकों में जोरदार चर्चा थी। लेकिन, मोदी की सभा शुरू होने के बाद भी विपक्षी दल नेता रैली में नहीं पहुंचे। इस तरह उनका भाजपा प्रवेश केवल अफवाहों में ही रहा। बाद में सुजय विखे ने उनके भाजपा में प्रवेश नहीं करने की बात स्पष्ट की।
Created On :   12 April 2019 10:15 PM IST