- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिंगरौली
- /
- जंगल में मासूम के साथ किया दुराचार,...
जंगल में मासूम के साथ किया दुराचार, बकरी चरा रही थी पीड़िता

डिजिटल डेस्क, सिंगरौली (वैढन)। जिले के ग्रामीण थाना सरई में बीते दिनों हुई एक बालिका के साथ दुराचार की घटना को लोग अभी भूल भी नही पाये थे कि गढ़वा क्षेत्र में एक 12 वर्ष बालिका के साथ उसी के हम उम्र बालक ने दुष्कृत्य कर डाला। पिछली शाम को घटना तब हुई जब बालिका अपने घर से काफी दूर जंगल में बकरियां चरा रही थी। घटना के समय उसके पारिवारिकजन नहीं थे, अकेली बच्ची को पाकर उसी के गांव का रहने वाला 12वर्षीय बालक घटना को अंजाम देकर भाग निकला। अपचारी बालक की गिरफ्त से छूटने के बाद जब रोती बिलखती बालिका अपने घर पहुंची तो परिजनों को आप बीती बताई। बच्ची के साथ हुई घटना की जानकारी होने के तुरंत बाद परिजन उसे गढ़वा थाने लेकर पहुंचे और घटना की जानकारी दी।गढ़वा थाना इंचार्ज एसआई अनिल यादव ने मामले को संज्ञान में लेते हुए उच्च अधिकारियों को जानकारी दी। एसपी अभिजीत कुमार रंजन के निर्देश पर परिजनों के साथ पीड़ित बच्ची को लेकर जिला अस्पताल लाया गया। अलसुबह 3 बजे जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों के समक्ष पीड़ित बच्ची का डॉ.आकृति जायसवाल ने मेडिकल करने के उपरांत उसका उपचार किया।
न्यायालीन कथन दर्ज
महिला पुलिस द्वारा पीड़ित बालिका को न्यायालीन कथन दर्ज कराने हेतु जिला न्यायालय ले आई। जहां पर धारा 164के तहत पीडि़ता के कथन न्यायिक मजिस्टे्रट अंशु चौहान की अदालत में दर्ज कराये गये है। जिसके उपरांत प्रकरण को आगे बढ़ाया गया।
पुलिस अभिरक्षा में बाल अपचारी
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दुराचार करने वाले 12वर्षीय बाल अपचारी को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया है। जिसके परिजनों के साथ ही पुलिस अधिकारियों ने बयान रिकार्ड किये है। उस पर धारा 376 व पास्को एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। उसे बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया जायेगा।
इनका कहना है
गढ़वा थाना क्षेत्र में एक 12वर्षीय बालिका के साथ उसके हम उम्र नाबालिग बच्चे के द्वारा दुष्कृत्य किए जाने की घटना हुई है। पीडि़ता का मेडिकल व उपचार किया गया है,बाल अपचारी को राउंड अप कर लिया गया है। कानूनी प्रक्रिया चल रही है। प्रदीप शेंडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
Created On :   11 July 2019 1:04 PM IST