- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- कटनी
- /
- लाठी से पीटकर कर दी भाभी की हत्या,...
लाठी से पीटकर कर दी भाभी की हत्या, भाई को भी किया घायल -बकरी चराने को लेकर हुआ था विवाद

डिजिटल डेस्क, बरही/कटनी। यहां एक युवक के खेत में बड़े की बकरी क्या घुसी उसने तो कहर ढ़ा दिया और लाठी से पीट पीट कर अपनी भाभी की जान ले ली । इतना ही नहीं बीच बचाव के लिए दौड़े अपने भाई को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया । मृतका रिश्ते में आरोपी की जेठसास भी थी , क्योंकि दो सगी बहनों का विवाह इन दोनों भाइयों के साथ हुआ था । इस संबंध में बताया गया है कि बरही थाना क्षेत्र के पिपरिया कला में बकरी चराने के विवाद को लेकर छोटे भाई शंभू यादव ने लाठी से पीटकर भाभी तुलसा बाई उम्र 35 वर्ष पति विनोद यादव की हत्या कर दी। यही नहीं बीच-बचाव में विनोद के ऊपर लाठी से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना सोमवार रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है।
खेत में गई थी बकरी
यह विवाद खेत में बकरी जाने को लेकर शुरु हुआ। गांव में दोनों भाईयों के घर अगल-बगल हैं। साथ ही खेत भी जुड़ा हुआ है। पुलिस ने बताया कि मृतिका की बकरी शंभू यादव के खेत में चली गई थी। उसी को लेकर दोनों भाईयों के बीच विवाद शुरु हुआ। बात कहा-सुनी से शुरु हुई, और जल्द ही बकरी का विवाद ने बड़ा रुप ले लिया, जिसके बाद आरोपी शंभू यादव ने अपनी भाभी के ऊपर लाठी से हमला कर दिया। महिला तुलसा बाई की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
एक ही घर में रहीं दो बहनें
पिपरिया कला के इस घर में दो सगी बहनों का विवाह दोनों सगे भाईयों के साथ हुआ था। बड़ी बहन तुलसा यादव आरोपी की भाभी के साथ जेठ सास भी लगती थी। मंगलवार को पीएम के बाद मृतिका का अंतिम संस्कार किया गया। थाना प्रभारी बरही एनके पाण्डेय ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध धारा 307,323 के तहत मामला कायम कर लिया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार है।
Created On :   23 July 2019 5:14 PM IST