- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- कटनी
- /
- गेहूं पंजीयन में गिरदावरी का पेंच,...
गेहूं पंजीयन में गिरदावरी का पेंच, पांच दिन बाद भी शुरू नहीं

डिजिटल डेस्क, कटनी । गेहंू खरीदी के लिए पंजीयन कराने का ढिंढोरा तो जमकर पीटा गया पर पांच दिन बीतने के बाद भी पोर्टल में एरर से किसान परेशान हैं। 5 फरवरी से 5 मार्च तक पंजीयन किया जाना है। गेहंू खरीदी के लिए हो रह पंजीयन में अब राजस्व विभाग की गिरदावरी का पेंच फंस गया है। वहीं अधिकारी एनआईसी भोपाल में पोर्टल में सुधार की बात कह रहे हैं।
बैरंग लौट रहे किसान
बरही तहसील के 62 खरीदी केन्द्रों में पंजीयन होना है। रबी सीजन की खेती का कामकाज छोडक़र खरीदी केन्द्रों में पहुंच रहे किसानों को निराश होकर बैरंग लौटना पड़ रहा है। बहिरघटा के के.के.तिवारी, सिरौंजा के अशोक कुमार काछी व मोहनी के अवधेश पटेल के अनुसार पांच दिन बीतने के बाद भी पंजीयन शुरू नहीं होने से किसान भटक रहे हैं। यदि अगले दो दिन तक पंजीयन शुरू नहीं होता तो सीधे सोमवार से ही उम्मीद की जा सकती है। तब तक नौ दिन बीत जाएंगे। इस बीच शनिवार-रविवार को पोर्टल बंद रहने एवं बीच में अन्य अवकाश होने पंजीयन के लिए 15 दिन भी नहीं बचेंगे और अंतिम तिथी में खरीदी केन्द्रों में भीड़ उमड़ेगी जिससे जल्दबाजी में त्रुटियां होंगी और इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ेगा।
अधूरी गिरदावरी से बढ़ी मुसीबत
बताया जाता है कि राजस्व विभाग द्वारा गिरदावरी नहीं किए जाने से किसानों की मुसीबत बढ़ गई। पिपरिया कला के आपरेटर कमलनाथ यादव ने बताया कि केंद्रों में किसान पंजीयन के लिए आते हैं और जब कम्प्यूटर में किसानों का गाँव और खसरा नम्बर डाला जाता है तो राजस्व विभाग की गिरदावरी पूरी न होने से किसानो का पंजीयन नही हो पा रहा है। आपरेटर ने स्वीकार किया अंतिम दिनों में अव्यवस्था मचेगी। जिला आपूर्ति अधिकारी बी.के.शुक्ला के अनुसार एनआईसी भोपाल से पोर्टल अपडेट किया जा रहा है। गुरुवार से पंजीयन शुरू हो जाएगी।
Created On :   10 Feb 2022 4:30 PM IST