New Delhi News: देश की 28 प्रतिशत महिला माननीयों पर दर्ज हैं आपराधिक मामले, जानिए - महाराष्ट्र का आंकड़ा

देश की 28 प्रतिशत महिला माननीयों पर दर्ज हैं आपराधिक मामले, जानिए - महाराष्ट्र का आंकड़ा
  • 15 प्रतिशत महिला सांसद /विधायकों पर गंभीर मामले दर्ज
  • महाराष्ट्र के 41 प्रतिशत महिला सांसद/विधायकों पर आपराधिक मामले
  • कांग्रेस के 34 प्रतिशत और भाजपा के 23 प्रतिशत महिला सांसद/विधायकों पर मामले

New Delhi News. अजीत पाठक। संसद और विधानसभा में ‘आपराधिक’ पृष्ठभूमि के नेताओं की मौजूदगी आम बात थी, लेकिन अब इस मामले में महिला ‘माननीय’ भी पीछे नहीं हैं। विश्लेषण में महाराष्ट्र की 34 महिला सांसद और विधायकों में से 14 (41 प्रतिशत) ने अपने ऊपर आपराधिक मामले दर्ज होने की घोषणा की है। इसमें से 4 (12 प्रतिशत) महिला सांसद/विधायकों द्वारा अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है। लोकसभा में 32 प्रतिशत और राज्यसभा में 27 प्रतिशत महिला सांसदों के ऊपर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, देश भर की 27 प्रतिशत महिला विधायकों ने अपने ऊपर आपराधिक मामला दर्ज होने की बात स्वीकार की है।

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने अपने एक सर्वे रिपोर्ट में यह जानकारी दी। एडीआर ने देश की 513 में से 512 वर्तमान महिला सांसदों और विधायकों के शपथ पत्र का विश्लेषण किया है। इस रिपोर्ट में देश के सभी 28 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों के लोकसभा और राज्यसभा की वर्तमान महिला सांसदों के सभी 112 शपथ पत्रों और 400 महिला विधायकों का विश्लेषण किया है। इसमें 512 में से 143 यानी 28 प्रतिशत महिला सांसदों और विधायकों ने अपने ऊपर आपराधिक मामले दर्ज होने की बात का खुलासा किया है। 75 में से 24 (32 प्रतिशत) लोकसभा महिला सांसदों और 37 में से 10 (27 प्रतिशत) राज्यसभा महिला सांसदों ने अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किए हैं। जबकि 400 में से 109 (27 प्रतिशत) महिला विधायकों (सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों) ने अपने ऊपर आपराधिक मामला होने की बात कही है।

इतना ही नहीं, 512 में से 78 (15 प्रतिशत) वर्तमान महिला सांसद और विधायकों ने अपने ऊपर गंभीर मामले घोषित किए हैं। इसमें से 75 में से 14 लोकसभा महिला सांसद (19 प्रतिशत) और 37 में से 7 (19 प्रतिशत) राज्यसभा महिला सांसदों और 400 में से 57 (14 प्रतिशत) महिला विधायकों ने अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की घोषणा की है।

कांग्रेस के 34 प्रतिशत और भाजपा के 23 प्रतिशत महिला सांसद/विधायकों पर मामले

भाजपा की 217 और कांग्रेस की 83 महिला सांसदों/विधायकों को इस विश्लेषण में शामिल किया गया। इसमें से भाजपा की 49 (23 प्रतिशत) सांसद/विधायकों ने अपने ऊपर आपराधिक मामला दर्ज होने की घोषणा की है। इसमें से 24 (11 प्रतिशत) के ऊपर गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, कांग्रेस की 83 महिला सांसद/विधायकों में से 28 (34 प्रतिशत) पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें से 17 (20 प्रतिशत) ने अपने पर गंभीर मामला दर्ज होने की घोषणा की है.

Created On :   30 April 2025 6:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story