- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- शरद पवार ने फडणवीस को घेरने के लिए...
Mumbai News: शरद पवार ने फडणवीस को घेरने के लिए बनाई शैडो कैबिनेट, राज्य का दौरा करेंगे

- 3 महीने तक राज्य का दौरा करेंगे पवार के नेता
- फडणवीस को घेरने के लिए बनाई शैडो कैबिनेट
Mumbai News. राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपनी सरकार के गठन के बाद सभी मंत्रियों को 100 दिनों की कार्ययोजना तैयार करने का आदेश दिया था। खुद मुख्यमंत्री फडणवीस ने सभी मंत्रियों से एक-एक कर उनके विभाग के अगले 100 दिनों के कामकाज का रोड मैप पूछा था। अब राकांपा (शरद) अध्यक्ष शरद पवार ने सरकार की इसी कार्ययोजना पर नजर रखने के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया है। इसे पवार की शैडो कैबिनेट बताया जा रहा है। खबर है कि पवार ने अपनी पार्टी के विधायकों और सांसदों को विभागवार जिम्मेदारियां दी हैं, जो सरकार के कामकाज पर नजर रखेंगी।
राकांपा (शरद) सांसद अमोल कोल्हे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि बैठक में पार्टी अध्यक्ष शरद पवार ने सरकार के 100 दिवसीय कार्यक्रम का मूल्यांकन करने के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया है। कोल्हे ने कहा कि 7-8 मार्च से विभागवार दौरे आयोजित किए जाएंगे, जिसमें राज्य में बिजली की दरों में हुई बढ़ोतरी, महिलाओं के खिलाफ हिंसा, पानी की दरों में बढ़ोतरी और दूसरे मुद्दों पर लोगों की राय मांगी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार के 100 दिनों के कार्यक्रम पर नजर रखने के लिए तैयार की गई शैडो कैबिनेट के प्रभारी अपने-अपने विभागों में जाकर सरकार के कामकाज की रिपोर्ट तैयार कर 3 महीने में पवार को सौंपेंगे। उसके अलावा पार्टी संगठन को बढ़ाने के लिए भी पदाधिकारियों को काम पर लगाया गया है। पवार ने बैठक में कहा कि राज्य सरकार के मंत्रियों के कामकाज पर नजर रखने के लिए शैडो कैबिनेट की आवश्यकता है। आने वाला समय सरकार के लिए परीक्षा की घड़ी साबित होने जा रहा है।
इन्हें मिली है जिम्मेदारी
मराठवाड़ा- राजेश टोपे और जयप्रकाश दांडेगांवकर
विदर्भ- राजेंद्र शिंगणे और अनिल देशमुख
कोकण- जितेंद्र आव्हाड और सुनील भुसारा
पश्चिम महाराष्ट्र- हर्षवर्धन पाटील और शशिकांत शिंदे
उत्तर महाराष्ट्र- हर्षवर्धन पाटील
फहाद अहमद को शरद गुट का यूथ राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया
राकांपा (शरद) ने फहाद अहमद को पार्टी का यूथ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का ऐलान किया है। विधायक जितेंद्र आव्हाड ने अहमद को यूथ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की मांग की थी, जिस पर अंतिम मुहर पार्टी अध्यक्ष शरद पवार ने लगाई। फहाद अहमद ने पिछला विधानसभा चुनाव अजित गुट की सना मलिक के खिलाफ लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। फहाद फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर के पति हैं।
..
Created On :   28 Feb 2025 9:48 PM IST