- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट...
Mumbai News: हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट महाराष्ट्र का सबसे बड़ा घोटाला - जितेंद्र आव्हाड

- दूसरे राज्यों की तुलना में दोगुने दाम में लगाई जा रही हैं नंबर प्लेट- सपकाल
- 2019 से पहले महाराष्ट्र के सभी पंजीकृत वाहनों के लिए इन नंबर प्लेटों को लगाना अनिवार्य किया
Mumbai News. महाराष्ट्र सरकार द्वारा राज्य के पंजीकृत वाहनों को 31 मार्च 2025 तक हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगाना अनिवार्य है। इसको लेकर राज्य के परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों को अभी से चेतावनी देनी शुरू कर दी है। कांग्रेस और राकांपा (शरद) ने सिक्योरिटी नंबर प्लेट के नाम पर भारी शुल्क वसूले जाने का आरोप राज्य सरकार पर लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर एचएसआरपी के शुल्क में कमी करने की मांग की है। सपकाल ने कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में महाराष्ट्र में दोगुने से भी ज्यादा शुल्क वसूला जा रहा है। ऐसे में सरकार को जनता से हो रही इस लूट को बंद करना चाहिए। वहीं राकांपा (शरद) नेता जितेंद्र आव्हाड ने महाराष्ट्र का सबसे बड़ा घोटाला बताया है।
क्यों लगाई जा रही है हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट?
वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार ने अप्रैल 2019 से पहले महाराष्ट्र के सभी पंजीकृत वाहनों के लिए इन नंबर प्लेटों को लगाना अनिवार्य किया है। जिसके तहत राज्य सरकार ने 31 मार्च तक सभी पंजीकृत वाहनों को एचएसआरपी लगाने को कहा है। सरकार के इस आदेश पर अब राजनीति भी शुरू हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि दूसरे राज्यों में इस हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को दोपहिया वाहनों में जहां 200 रुपए के करीब में लगाया जा रहा है, वहीं महाराष्ट्र में यह 450 रुपए में लगाई जा रही है। जबकि तिपहिया वाहनों से 500 रुपए और चार पहिया वाहनों से 745 रुपए वसूले जा रहे हैं। जब ये नंबर प्लेट एक राज्य में कम कीमत पर मिल रही है तो फिर महाराष्ट्र में दोगुनी कीमत पर इसे क्यों लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई की मार से जनता पहले से ही परेशान है, ऐसे में सरकार के इस फैसले से प्रतीत होता है कि नंबर प्लेट की आड़ में राज्य के वाहन मालिकों को लूटा जा रहा है।
वही राकांपा (शरद) नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि राज्य में अब वाहन मालिकों को लूटने की सरकार ने तैयारी कर ली है। आव्हाड ने कहा कि वाहनों की सुरक्षा के नाम पर सरकार एक ऐसी योजना लेकर आ रही है, जिसके अंतर्गत दूसरे राज्यों की तुलना में महाराष्ट्र में दोगुनी कीमत पर नंबर प्लेट लगाने का काम शुरू हुआ है। आव्हाड ने कहा कि महाराष्ट्र में नंबर प्लेट स्कैम के नाम पर सबसे बड़ा घोटाला है। इसके खिलाफ हम विधानमंडल के आगामी बजट सत्र में आवाज उठाएंगे।
क्या है एचएसआरपी?
एचएसआरपी एक रेट्रो रिफ्लेक्टिव फिल्म है जिस पर सत्यापन चिन्ह 'भारत' अंकित होता है। इस पर अशोक चक्र एवं नीले रंग में इंड (IND) अक्षर और एक यूनिक सीरियल नंबर लेजर प्रिंटिंग के तौर पर लिखा होता है। इन सुरक्षा फीचर्स के साथ छेड़छाड़ नहीं किया जा सकता।
Created On :   28 Feb 2025 9:10 PM IST