आपदा: झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश, रांची के दीपाटोली में बाढ़ जैसी स्थिति

झारखंड में रांची सहित राज्य के ज्यादातर जिलों में पिछले 12 घंटे से जोरदार बारिश हो रही है। रांची शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। दीपाटोली में 50 से भी ज्यादा घरों में पानी घुस गया है और 100 से ज्यादा लोग फंस गए हैं। उनके रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ की टीम लगाई गई है।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-02 15:23 GMT

रांची, 2 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में रांची सहित राज्य के ज्यादातर जिलों में पिछले 12 घंटे से जोरदार बारिश हो रही है। रांची शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। दीपाटोली में 50 से भी ज्यादा घरों में पानी घुस गया है और 100 से ज्यादा लोग फंस गए हैं। उनके रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ की टीम लगाई गई है।

अब तक 20 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। लोगों को बोट के जरिए सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा रहा है।

शहर के बरियातू जोड़ा तालाब और टुनकी टोला तालाब का पानी घरों में घुस गया है। पत्थलकुदवा, ढेलाटोली और खेत मुहल्ले में भी दर्जनों घरों में पानी घुस गया है। मोरहाबादी मैदान, राजभवन-बूटी रोड, हरमू रोड, मेन रोड सहित कई प्रमुख सड़कों पर ढाई से तीन फीट पानी बह रहा है।

इस बीच मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, गुमला, दुमका, धनबाद, गोड्डा, देवघर, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में 3 अगस्त को भी भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों के उपायुक्तों को सतर्कता बरतने और जलजमाव वाले इलाकों पर नजर रखने का निर्देश दिया है।

पिछले तीन दिनों के दौरान राज्य के अलग-अलग इलाकों में वज्रपात की घटनाओं में 25 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। रामगढ़ जिले की दामोदर और भैरवी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पानी रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर तक पहुंच रहा है। यहां भैरवी नदी के छिलका पुल के चार फीट ऊपर पानी बह रहा है।

दुमका में गुरुवार रात से लगातार हो रही बारिश से बासुकीनाथ रेलवे स्टेशन के पास पटरियां पानी में डूब गई हैं और रेल यातायात बाधित हो गया है। रांची में स्वर्णरेखा और हरमू नदी भारी बारिश से उफन रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Similar News