लोकसभा चुनाव 2024: हिमाचल भाजपा में शामिल हुए विधानसभा से इस्तीफा देने वाले तीनों निर्दलीय विधायक, कांग्रेस के छह बागी

हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने वाले तीनों निर्दलीय विधायकों - किशन लाल ठाकुर, होशियार सिंह और आशीष शर्मा - ने शनिवार को भाजपा का दामन थाम लिया। इससे कुछ ही देर पहले भाजपा मुख्यालय में ही एक अलग कार्यक्रम में कांग्रेस के छह बागी विधायक भी भगवा पार्टी में शामिल हुए थे।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-03-23 09:23 GMT

नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने वाले तीनों निर्दलीय विधायकों - किशन लाल ठाकुर, होशियार सिंह और आशीष शर्मा - ने शनिवार को भाजपा का दामन थाम लिया। इससे कुछ ही देर पहले भाजपा मुख्यालय में ही एक अलग कार्यक्रम में कांग्रेस के छह बागी विधायक भी भगवा पार्टी में शामिल हुए थे।

दोनों मौकों पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राजीव बिन्दल और अन्य नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले नये नेताओं का स्वागत किया।

कांग्रेस से भाजपा में आने विधायकों में सुधीर शर्मा, राजेंद्र राणा, रवि ठाकुर, इंद्रदत्त लखनपाल, देवेंद्र भुट्टो और चैतन्य शर्मा शामिल हैं। इन विधायकों ने पिछले दिनों राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भाजपा में शामिल हुए इन सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा न केवल दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है बल्कि पार्टी के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता है। केंद्र सरकार की उपलब्धियों और गारंटी का जिक्र करते हुए ठाकुर ने कहा कि इन सभी नेताओं के पार्टी में आने से भाजपा हिमाचल प्रदेश में और ज्यादा मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठे वादे कर हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आई थी और राज्यसभा चुनाव के दौरान जनता का गुस्सा इन छह कांग्रेस विधायकों द्वारा भाजपा उम्मीदवार को वोट देने के रूप में नजर आया। प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर माना है और राज्य के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इन नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस की नीतियों से परेशान होकर ये इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए हैं और पार्टी इनके मान-सम्मान का पूरा ख्याल रखेगी। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के भाजपा में शामिल होने से भाजपा जहां एक ओर राज्य में मजबूत होगी, वहीं दूसरी ओर राज्य में कांग्रेस का सफाया भी हो जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Similar News