चंद्रपुर जिले में  हाथी पांव के सबसे ज्यादा मरीज, संख्या बढ़कर 13 हजार 447 पहुंची

महाराष्ट्र चंद्रपुर जिले में  हाथी पांव के सबसे ज्यादा मरीज, संख्या बढ़कर 13 हजार 447 पहुंची

Bhaskar Hindi
Update: 2023-03-11 15:17 GMT
चंद्रपुर जिले में  हाथी पांव के सबसे ज्यादा मरीज, संख्या बढ़कर 13 हजार 447 पहुंची

डिजिटल डेस्क, मुंबई। चंद्रपुर जिले में हाथी पांव रोग के सबसे ज्यादा मरीज हैं। हाथी पांव रोग के मामले चार सालों तक लगातार कम होने के बाद साल 2022 में एक बार फिर बढ़े हैं। जिले में साल 2021 में हाथी पांव रोग के कुल 12 हजार 643 मरीज थे जो साल 2022 में बढ़कर 13 हजार 447 हो गए। हालांकि नए मरीज मिलने के मामले लगातार घट रहे हैं। साल 2022 में हाथी पांव रोग के 189 नए मामले सामने आए हैं। विधानसभा में पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में सार्वजनिक स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री डॉ तानाजी सावंत ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाथी पांव रोग रोकने के लिए जिले के 4 उपजिला अस्पतालों, 9 ग्रामीण अस्पतालों, 63 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और 339 उपकेंद्रों के जरिए मरीजों की नियमित जांच और इलाज की व्यवस्था की जाती है। इसके साथ जिले में फिलहाल 4 रात्रिकालीन चिकित्सालय और 2 हाथी पांव रोग नियंत्रण पथक भी कार्यरत हैं। इनके जरिए रात में खून के नमूने लेकर उनकी जांच की जाती है। हाथी पांव रोग का प्रसार रोकने के लिए साल 2021 में 19 लाख 84 हजार 102 लोगों को दवाएं वितरित की गई थी। इस साल भी 10 से 20 फरवरी के बीच जिले में गोलियां बांटने के लिए विशेष मुहिम चलाई गई थी। इसके अलावा मच्छरों की रोकथाम और इसके लिए लोगों को जागरूक करने की भी लगातार कोशिश की जा रही है। साथ ही लोगों के बीच सरकार कीटनाशकों के साथ मच्छरदानी भी बांट रही है। जिन इलाकों में हाथी पांव रोग के ज्यादा मरीज हैं वहां दवाओं का भी नियमित छिड़काव किया जाता है। सावंत के मुताबिक लोगों के घरों से मच्छर पकड़कर उनकी जांच भी की जाती है जिससे नियंत्रण के लिए बेहतर रणनीति बनाई जा सके। सरकार मच्छरों पर नियंत्रण के लिए बिना इस्तेमाल वाले कुएं, तालाब, नालों आदि में गप्पी मछलियां भी छोड़ती है जो मच्छरों के लार्वा को खा जातीं हैं। बता दें कि क्यूलेक्स नाम के मच्छर के काटने ने हाथी पांव रोग होता है। कांग्रेस के विकास ठाकरे, प्रतिभा धनोरकर, नाना पटोले, बालासाहेब थोरात आदि सदस्यों ने हाथी पांव रोग से सबसे ज्यादा प्रभावित जिले चंद्रपुर में सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों से जुड़ा सवाल पूछा था। 

घटते-घटते फिर बढ़े हाथी पांव के मरीज
साल          कुल मरीज        नए मरीज
2018         17445             630
2019         16202             616
2020         14146             316
2021        12643            198
2022        13447            189
 

Tags:    

Similar News