दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: आप विधायक महेंद्र गोयल पर जानलेवा हमला! आप ने बीजेपी पर लगाया आरोप, VIDEO किया शेयर

- दिल्ली विधानसभा चुनाव में चार दिन का समय बाकी
- सभी दलों ने तेज किया प्रचार अभियान
- आप विधायक महेंद्र गोयल के ऊपर कथित तौर पर हुआ हमला
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव होने में चार दिनों का समय बचा है। सभी दल इस सियासी रण को जीतने के लिए जी तोड़ कोशिश कर रहे हैं। इस बीच चुनाव प्रचार कर रहे रिठाला से आम आदमी पार्टी के विधायक और उम्मीदवार महेंद्र गोयल के ऊपर कथित तौर पर हमला हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक इस हमले के बाद विधायक बेहोश भी हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना रिठाला विधानसभा क्षेत्र में आज सुबह करीब 11.30 की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
आप ने बीजेपी पर लगाया आरोप
आप ने इस हमले का जिम्मेदार बीजेपी को ठहराया है। पार्टी का आरोप है कि भगवा दल के गुंडों ने महेंद्र गोयल पर जानलेवा हमला किया। पार्टी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'बीजेपी की बौखलाहट इस कदर बढ़ गई है कि अब आप विधायकों पर खुलेआम जानलेवा हमले करवा रही है। आज आप विधायक महेंद्र गोयल पर बीजेपी के गुंडों ने हमला किया— और विधायक को कह रहे हैं "गोली मार दूँगा!"
पार्टी ने आगे लिखा, 'दिल्लीवालों, सोच लो! जब ये सत्ता में नहीं हैं तो एक विधायक को गोली मारने की धमकी दे रहे, गलती से भी इन्हें वोट कर दिया तो कल आम जनता को गोली मारने की धमकी देंगे, दिल्ली को गुंडागर्दी का गढ़ बना देंगे।'
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए आप ने पोस्ट में कहा, 'चुनाव में हरा नहीं सकते तो क्या अब AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं की हत्या करवाओगे? दिल्ली की जनता इस गुंडागर्दी का जवाब 5 फरवरी को अपने वोट से देगी!'
कहां सो रहा है चुनाव आयोग?
इस घटना को लेकर सांसद संजय सिंह ने एक्स पर लिखा, ''दिल्ली में BJP बुरी तरह हार रही है बौखलाहट में मार पीट पर उतर आई है। रिठाला से आप विधायक महिंद्र गोयल पर बीजेपी के गुंडों ने जानलेवा हमला किया। कहां सो रहा है चुनाव आयोग?''
वहीं पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में बीजेपी बुरी तरह चुनाव हार रही है - बौखलाहट में ये लोग अब हिंसा पर उतर आए हैं। रिठाला से हमारे विधायक महेंद्र गोयल पर हमले की हम कड़ी निंदा करते हैं।
Created On :   1 Feb 2025 4:26 PM IST