Breaking News: आज की बड़ी खबरें 01 मार्च 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 01 मार्च 2025 हिंदी न्यूज लाइव
01 मार्च 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें

Live Updates

  • 2 March 2025 12:08 AM IST

    राजस्थान के मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चार गिरफ्तार

    राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को जान से मारने की धमकी देने के मामले में जयपुर पुलिस ने चार आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले दौसा जेल में बंद थे, जिन्हें विधायकपुरी थाना पुलिस ने हिरासत में लेकर शनिवार को अदालत में पेश किया, जिसके बाद उन्हें दो दिन के रिमांड पर लिया गया। थाना प्रभारी बनवारी लाल मीना के अनुसार गिरफ्तार रिंकू उर्फ ​​रंडवा (28) निवासी हरसौरा अलवर, शहजाद खान उर्फ ​​साजिद (28) निवासी उन्नाव, उत्तर प्रदेश, वर्तमान में संजय नगर-ई, झोटवाड़ा में रहते हैं। इसी प्रकार जयनारायण (32) और राकेश जोशी (45) सदर दौसा के न‍िवासी हैं। रिंकू और शहजाद खान उर्फ ​​साजिद पहले से ही पॉक्सो एक्ट के तहत दौसा जेल में बंद थे।

  • 1 March 2025 11:40 PM IST

    जेपी नड्डा की विधायकों को नसीहत, कहा, 'जनता का विश्वास जीतो, पद का मोह छोड़ो'

    भाजपा की दूसरे दिन की विधायक प्रशिक्षण कार्यशाला में नेतृत्व, शासन और जनता से संपर्क पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने निर्वाचित प्रतिनिधियों को अपने निर्वाचन क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देने और नागरिकों के साथ गहरे संबंध बनाए रखने का आह्वान किया। भाजपा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कार्यकर्ता निर्माण की अहमियत को उजागर किया और विधायकों से राजनीतिक पदों के मोह को त्यागने की अपील की। उन्होंने अपने स्वयं के विधायक और विपक्ष के नेता के अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि पद अस्थायी होते हैं, लेकिन जनता का विश्वास स्थायी होता है। उन्होंने विधायकों से आग्रह किया कि वह कृषि विज्ञान केंद्रों, आशा कार्यकर्ताओं की बैठकों और सरकारी स्कूलों में अभिभावक-शिक्षक बैठकों जैसे मंचों के माध्यम से समुदायों के साथ सक्रिय रूप से जुड़ें।

  • 1 March 2025 11:25 PM IST

    नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेंगे बिहार का चुनाव और दर्ज करेंगे ऐतिहासिक जीत - चिराग पासवान

    केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को अपने लोकसभा क्षेत्र हाजीपुर में मीडिया से बात करते हुए आगामी बिहार चुनाव पर बात की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम चुनाव लड़ेंगे। इस बार की जीत ऐतिहासिक होगी।

  • 1 March 2025 11:19 PM IST

    चमोली हिमस्खलन चार लापता श्रमिकों की तलाश जारी, सेना और अन्य एजेंसियों ने बढ़ाई ताकत

    उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा क्षेत्र में 28 फरवरी को हुए हिमस्खलन में फंसे 55 श्रमिकों में से 50 श्रमिकों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया जा चुका है। लापता पांच में से एक श्रमिक सकुशल अपने घर पहुंच चुका है। अन्य चार श्रमिकों की तलाश के लिए राहत और बचाव दलों द्वारा युद्ध स्तर पर प्रयास जारी हैं।

  • 1 March 2025 11:07 PM IST

    बिहार भाजपा मंत्री मोतीलाल प्रसाद का तेजस्वी पर तंज, कहा - उन्हें अपने विधायकों पर भरोसा नहीं

    बिहार में हाल ही में हुए कैबिनेट विस्तार में कला संस्कृति विभाग के मंत्री बने भाजपा विधायक मोतीलाल प्रसाद ने आरजेडी नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर हमला किया। तेजस्वी के भाजपा पर जदयू को तोड़ने के आरोप को लेकर उन्होंने कहा कि तेजस्वी को खुद अपने विधायकों पर भरोसा नहीं है।

  • 1 March 2025 10:58 PM IST

    उत्तर प्रदेश हाथरस बलात्कार से जुड़े मामले में राहुल गांधी के केस की अगली सुनवाई 24 मार्च को

    कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हाथरस दुष्कर्म से जुड़े एक मामले में शनिवार को वादी का बयान दर्ज करने के बाद मामले की अगली सुनवाई के लिए 24 मार्च की तारीख तय की गई है। 

  • 1 March 2025 10:46 PM IST

    कर्नाटक में इडली बनाने में प्लास्टिक का प्रयोग, एफएसएसएआई ने दी कड़ी चेतावनी

    कर्नाटक के कुछ रेस्टोरेंट्स में इडली बनाने की प्रक्रिया में प्लास्टिक शीट्स के उपयोग को लेकर आई रिपोर्ट्स को खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने गंभीरता से लिया है। एफएसएसएआई ने कर्नाटक राज्य खाद्य सुरक्षा विभाग को रिपोर्ट जमा करने और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

  • 1 March 2025 10:29 PM IST

    9 विकेटों से दिल्ली कैपिटल्स ने दर्ज की जीत

    दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले गए मैच में डीसी ने 9 विकेटों से धमाकेदार जीत हासिल कर ली है।

  • 1 March 2025 10:15 PM IST

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुरली मनोहर जोशी से की मुलाकात

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी से उनके आवास पर मुलाकात की। सीएम ने स्वयं सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की जानकारी दी।

  • 1 March 2025 9:55 PM IST

    नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेंगे आगामी चुनाव

    बिहार के शेखपुरा-महुली मुख्य मार्ग स्थित उषा पब्लिक स्कूल में शनिवार को आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में जमुई सांसद अरुण भारती ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के निदेशक ने सांसद को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस मौके पर स्थानीय लोग और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बिहार की राजनीति पर टिप्पणी की।

Created On :   1 March 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story