उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री ने टाइम्स नाउ नवभारत द्वारा आयोजित कॉन्क्लेव 'नवभारत नवनिर्माण मंच-2024' को सम्बोधित किया

मुख्यमंत्री ने टाइम्स नाउ नवभारत द्वारा आयोजित कॉन्क्लेव नवभारत नवनिर्माण मंच-2024 को सम्बोधित किया
  • प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम सभी नए भारत का दर्शन कर रहे : मुख्यमंत्री
  • वर्ष 2014 के बाद लोगों ने बदले हुए भारत को देखा, वैश्विक मंच पर भारत का सम्मान बढ़ा
  • प्रधानमंत्री ने देश की अर्थव्यवस्था को 2027 तक 05 ट्रिलियन डॉलर बनाने का लक्ष्य रखा- सीएम

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद लोगों ने बदले हुए भारत को देखा है। वैश्विक मंच पर भारत का सम्मान बढ़ा है। आज भारत नेतृत्व भी दे रहा है, अपनी सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ अपनी अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ कर रहा है। साथ ही गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर भारतवासी को प्राप्त हो रहा है। आज योजनाएं किसी भी जाति, मत मजहब की तुष्टि नहीं, बल्कि भारत की 140 करोड़ जनता की संतुष्टि का कारण बन रही है।

मुख्यमंत्री ने टाइम्स नाउ नवभारत द्वारा आज यहां आयोजित कॉन्क्लेव 'नवभारत नवनिर्माण मंच उत्तर प्रदेश-2024' में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत वर्ष में ब्रिटेन, जिसने 200 वर्षों तक भारत पर शासन किया, उसे पछाड़कर भारत ने दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपने को स्थापित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के पहले का भारत और 2014 के बाद का भारत अलग है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हम सभी नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। नये भारत में नौजवानों के लिए आजीविका भी है और आस्था का सम्मान भी है। नए भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, ईज ऑफ लिविंग, गरीब कल्याण एवं किसान सम्मान, यह सभी कार्य एक साथ हो रहे हैं। गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ युवा, किसान, महिला, श्रमिक, सहित आम जनमानस को बिना भेदभाव प्राप्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए हाईवे, रेलवे, मेट्रो रैपिड रेल, एयर कनेक्टिविटी बढ़ी है। हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा करेगा, यह परिकल्पना भी आज साकार हुई है। इनलैंड वॉटरवे तथा पब्लिक ट्रांसपोर्ट की आधुनिकतम सुविधाएं आज देश में देखने को मिल रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के पहले का उत्तर प्रदेश एवं वर्ष 2017 के बाद का उत्तर प्रदेश अलग है। अयोध्या में 500 वर्षों के बाद भगवान श्रीरामलला अपने नव्य भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं। आज एक नई अयोध्या के दर्शन हो रहे हैं। नयी अयोध्या नए उत्तर प्रदेश में है।

वर्ष 2014 में केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का गठन हुआ। वर्ष 2014 में केंद्र सरकार के गठन के बाद मार्च 2017 तक जितने भी कार्यक्रम और योजनाओं का संचालन किया गया उसमें उत्तर प्रदेश सबसे फिसड्डी राज्य था। प्रदेश के नौजवान अपनी पहचान छुपाने को मजबूर थे। विभिन्न योजनाओं के संचालन तथा एवं कानून व्यवस्था में उत्तर प्रदेश पीछे था। आबादी नंबर एक पर थी, लेकिन अर्थव्यवस्था में उत्तर प्रदेश छठे स्थान पर था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद आपने बदलते हुए उत्तर प्रदेश को देखा है। आज देश के 40 प्रतिशत एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश में है। गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण दिसंबर 2024 तक प्रयागराज महाकुंभ के पहले ही पूरा कर लिया जाएगा। उस समय उत्तर प्रदेश में देश के 55 प्रतिशत एक्सप्रेस वे होंगे। भारत का सबसे बड़ा रेल नेटवर्क उत्तर प्रदेश में है। भारत का एयर कनेक्टिविटी का सबसे अच्छा नेटवर्क उत्तर प्रदेश के पास है। चार इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ वर्तमान में 09 एयरपोर्ट प्रदेश में संचालित हैं। आगामी मार्च माह के प्रथम या द्वितीय सप्ताह में उत्तर प्रदेश 21 एयरपोर्ट संचालित करने वाला राज्य बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इनलैंड वॉटरवेज संचालित हो चुका है। इनलैंड वॉटर वे अथॉरिटी का गठन प्रदेश में हो गया है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए देश में सर्वाधिक मेट्रो रेल संचालित करने वाला राज्य उत्तर प्रदेश है। उत्तर प्रदेश देश की पहली रैपिड रेल का संचालन करने वाला प्रदेश भी है। देश में सबसे अच्छा हाईवे नेटवर्क भी उत्तर प्रदेश में है। खाद्यान्न, गन्ना एवं दुग्ध उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश देश में नंबर एक पर है। कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा में उत्तर प्रदेश नंबर एक पर है जो एक नजीर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पूर्व उत्तर प्रदेश की पहचान कर्फ्यू और दंगों से थी। 2017 के बाद दंगे और कर्फ्यू अतीत की बात बन चुके हैं। आज कर्फ्यू का स्थान कांवड़ यात्रा ने ले लिया है। आज अयोध्या धाम में प्रतिदिन लगभग 02 लाख श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। 23 जनवरी से 22 फरवरी के दौरान एक माह में 65 लाख श्रद्धालुओं ने अयोध्या में दर्शन किए। इन श्रद्धालुओं ने अयोध्या में व्यवसाय को भी बढ़ाया है। अयोध्या के विकास में जिन्होंने अपनी जमीन स्वतः स्फूर्त भाव से दी, आज उनका व्यापार 50 से 100 गुना तक बढ़ा है। जिसने राम के कार्य में अपनी आहुति दी है उसको खुशहाल होना ही होना है। काशी में भी डेढ़ से 02 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन कर रहे हैं। गत वर्ष 07 करोड़ श्रद्धालुओं ने श्री काशी विश्वनाथ धाम का दर्शन किया था। पिछले वर्ष 33 करोड़ पर्यटक उत्तर प्रदेश में आए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत 07 वर्षों में उत्तर प्रदेश की प्रगति हुई है। आज उत्तर प्रदेश में इंटर स्टेट कनेक्टिविटी फोरलेन से जुड़ चुकी है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था दुगनी हुई है। उत्तर प्रदेश की जी०डी०पी० दोगुनी हुई है। उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हुई है। उत्तर प्रदेश आज रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है। देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उत्तर प्रदेश अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश को निवेश नहीं प्राप्त होता था। जुलाई 2018 में पहली ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी में 61 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को जमीनी धरातल पर उतारने का अवसर प्राप्त हुआ था। प्रधानमंत्री के कर कमलों द्वारा 19 फरवरी, 2024 को चौथी ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी में 10 लाख 24 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों का शिलान्यास किया गया। यह बदले हुए परिवेश का परिणाम है। प्रधानमंत्री ने देश की अर्थव्यवस्था को 2027 तक 5 ट्रिलियन डॉलर बनाने का लक्ष्य रखा है। इसमें उत्तर प्रदेश भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करेगा। प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर इकोनामी बनने की ओर अग्रसर है।

इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, सूचना निदेशक शिशिर तथा टाइम्स नाउ नवभारत के पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Created On :   29 Feb 2024 11:51 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story